जल्द शुरू करवाया जाए चंबा मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण कार्य

Chamba Politics
DNN चंबा
सांसद किशन कपूर ने आज चंबा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को निर्देश देते हुए कहा कि भवन निर्माण कार्य को जल्द शुरू करवाया जाए । उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के पास 156 करोड रुपए की राशि पहले से मौजूद है तो निर्माण कार्य में और विलंब होना सही नहीं है।निर्माण चरणबद्ध आधार पर हो सकता है । किशन कपूर ने यह बात आज बचत भवन में जिला स्तरीय विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास विकास के लिए फंड की कोई कमी नहीं है। निर्माण कार्य भी समय सीमा के भीतर पूरा होना चाहिए ताकि लोगों को और बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो सकें।  मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने अवगत किया कि निर्माण कार्य निष्पादन  एजेंसी के साथ 15 जनवरी को बैठक आयोजित की जा रही है । 
बैठक में मौजूद विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने सांसद किशन कपूर से आग्रह किया कि वे मेडिकल कॉलेज में स्टाफ और अन्य आवश्यक जरूरतों को लेकर भी मामले को स्वास्थ्य मंत्रालय के समक्ष रखें ताकि चंबा मेडिकल कॉलेज आने वाले समय में सभी सुविधाओं में पूर्ण रूप से लैस रहे। 
बैठक के दौरान सांसद ने लोगों के लिए मूलभूत आवश्यक सुविधाएं जुटाने वाले लोक निर्माण विभाग,  सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग और बिजली बोर्ड को कार्यों में गुणवत्ता और समय सीमा का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में जाना सुनिश्चित बनाएं तभी विकास धरातल पर नजर आएगा।
किशन कपूर ने सांसद निधि से विभिन्न विकास कार्यों को दी जाने वाली राशि के सही उपयोग को लेकर मॉनिटरिंग की व्यवस्था करने की जरूरत पर भी जोर दिया।  उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं ताकि फंड का सही उपयोग सुनिश्चित हो ।
उन्होंने कहा कि सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग इस बात को सुनिश्चित बनाए कि आमजन को पेयजल की किसी किल्लत का सामना ना करना पड़े ।
विधायक विक्रम जरयाल द्वारा उठाए गए बिजली कनेक्शन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड तुरंत एक सर्वेक्षण करवाए ताकि जिले में उन परिवारो की अपडेटेड सूची बनाई जा सके जिन्हें अभी भी बिजली का कनेक्शन दिया जाना बाकी है।
विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने कहा कि बिजली बोर्ड को अपनी प्रगति की रिपोर्ट उपमंडलों पर आधारित रखनी चाहिए ताकि प्रतिनिधियों को भी अपने क्षेत्र में हो रहे कार्यों की पूरी जानकारी रहे।  किशन कपूर ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग के निर्माण की धीमी रफ्तार पर असंतुष्टता जताते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के लोक निर्माण मंडल को इस दिशा में गंभीर प्रयास करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि चंबा से भरमौर वाले हिस्से को लेकर भी प्रभावी कार्य योजना के तहत काम किए जाने की जरूरत है।  उन्होंने यह भी कहा कि जो ठेकेदार बेवजह कार्यों को लटका रहे हैं उन्हें तुरंत ब्लैक लिस्ट किया जाना चाहिए ।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट के प्रिंसिपल से स्कूलों में हुए ड्रॉपआउट की नवीनतम रिपोर्ट भी तलब की गई।  किशन कपूर ने शिक्षा उप निदेशक को निर्देश देते हुए कहा कि स्कूलों में मिड डे मील योजना के तहत बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता के साथ कोई भी समझौता नहीं होना चाहिए । अधिकारी स्कूलों के औचक निरीक्षण करके इसे पूरी तरह से सुनिश्चित बनाएं।

News Archives

Latest News