DNN कंडाघाट (लवली)
कंडाघाट में भी इस बार प्रशासन रेडक्रास मेला आयोजित करवाने जा रहा है। मेला कंडाघाट के सिरीनगर ग्राउंड में 11 व 12 नवंबर को होगा। कंडाघाट में पहली बार आयोजित हो रहे इस मेले में लोगों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा एक ही छत के नीचे वाहन खरीदने व घर खरीदने का मौका भी दिया जा रहा है। मेले के दौरान प्रापर्टी शो व आटो मोबाइल शो भी होगा। इसके अलावा एजुकेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिष्ठित शैक्षिक संस्थान भी मेले में भाग ले रहे है, जो बच्चों को कैरियर को लेकर जानकारियां उपलब्ध करवाएंगे। पर्यटन का बढ़ावा देने के लिए भी मेले में आकर्षण रखा गया है। यह जानकारी प्रेसवार्ता में एस.डी.एम. संजीव धीमान ने दी। उनके साथ तहसीलदार ओपी मेहता भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि कुछ समय पहले ही कंडाघाट में रेडक्रास सोसायटी का गठन किया गया है और अब सोसायटी पहली बार यहां पर उपमंडल स्तरीय मेला आयोजित करवा रही है। मेले का शुभारंभ 11 नवंबर को डी.सी. केसी चमन करेंगे। जबकि समापन समारोह में हिमाचल रेडक्रास सोसायटी की अध्यक्षा साधना ठाकुर करेगी। 2 दिवसीय रेड क्रास मेले 11 नवंबर को यह हाफ मैराथन आयोजित होगी। इसमें स्कूली बच्चों, कालेज के छात्र छात्राएं, स्थानीय लोगों सहित सरकारी अधिकारी भी इसमें भाग लेंगे। लोग इस मेले में आकर अपनी निशुल्क स्वास्थ्य जांच भी करवा सकते है, साथ ही रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। मेले में लोग प्रापर्टी व गाडिय़ां भी खरीद व बुक कर सकेंगे। इसके लिए मेले के दौरान प्रापर्टी व आटो मोबाइल शो भी करवाया जा रहा है। विभिन्न सरकारी विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा एजुकेशन व पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी मेले मे गतिविधियां करवाने पर विचार किया जा रहा है। बच्चों व लोगों के लिए योगा अभ्यास भी करवाया जाएगा, स्कूली बच्चों, युवक मंडलो, महिला मंडलों के लिए खेल कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम, बेबी शो, पारंपरिक परिधानों का फैशन शो भी आयोजित करवाया जाएगा।















