SOLAN अस्पताल के बाहर से हटाई रेहडिय़ां

Himachal News Others Solan

DNN सोलन

नगर परिषद ने शुक्रवार को क्षेत्रीय अस्पताल के बाहर लगने वाली रेहडिय़ों को हटा दिया है। रेहडिय़ां हटाने के आदेश उपायुक्त ने नगर परिषद को दिए थे। कार्रवाई से रेहड़ी धारकों में हड़कंप मचा हुआ है। अस्पताल प्रशासन ने कुछ समय पहले उपायुक्त को शिकायत की थी कि यहां पर क्षेत्रीय अस्पताल के बाहर लगी रेहडिय़ां शाम के समय अहातों में तब्दील हो जाती हैं। यह रेहड़ी वाले रात के समय यहां आने वाले मरीजों, अस्पताल स्टाफ व अन्य लोगों के साथ गाली गलौच व अभद्र व्यवहार करते हैं। इसके कारण रात के समय ड्यूटी देने वाले अस्पताल के महिला स्टाफ व चिकित्सकों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया था। शिकायत की प्रति नगर परिषद को भी भेजी गई थी। इस पर नगर परिषद ने पिछले दिनों यहां रेहडिय़ों द्वारा किया गया अतिक्रमण हटाया था और उनका सामान भी उठाया था। गौर हो कि रेहड़ी को चलते फिरते रहने के लिए लाईसेंस दिया जाता है न कि एक स्थान पर बने रहने का। यह रेहडिय़ां पिछले लंबे समय से यहां पर जमी हुई थी और रेहड़ी के आसपास भी अतिक्रमण किया गया था। इससे यहां सड़क भी संकरी हो गई थी। उपायुक्त के आदेशों के बाद शुक्रवार को नगर परिषद ने कार्रवाई करते हुए यहां से रेहडिय़ों को यहां से उठाया। यहां पर 4 रेहडिय़ां स्थापित थी नप कर्मचारियों ने इनमें से 3 को उठा दिया है, जबकि एक रेहड़ी का मालिक काम से बाहर गया हुआ था और वापस आने पर उसे भी यहां से रेहड़ी हटाने के लिए कहा जाएगा।

 

News Archives

Latest News