खान में रेत का ढेर धंसने से उसमें 3 मजदूर दबे, लोगों ने बाहर निकाल कर पहुंचाया अस्पताल

Crime Solan

DNN सोलन

सलोगड़ा में एक रेत की खान में रेत का ढेर धंसने से उसमें 3 मजदूर दब गए। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों की मदद से तीनों को तुरंत रेत के ढेर से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर तीनों का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार सलोगड़ा से हरठ मार्ग पर हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि उस समय ये तीनों रेत की खान पर काम कर रहे थे। इस दौरान अचानक रेत का ढेर गिर गया और ये तीनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे की सूचना तुरन्त पुलिस व 108 एंबुलेंस को दी गई।  हालांकि पुलिस एवं एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने इन्हें रेत से बाहर निकाल लिया था। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। मजदूरों की पहचान 36 वर्षीय जीतू, 39 वर्षीय हेमराज ओर 38 वर्षीय तिलक के रूप में हुई है। ये सभी नेपाली मूल के हैं।

मौके पर पहुंचे 108 एंबुलेंस के पायलट ओम प्रकाश ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली वह तुरन्त घटना स्थल पर पहुंचे और और घायलों को सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि इनमें से दो को अधिक चोटें आई हैं, जबकि एक मजदूर कम चोटिल हुआ है और सभी की हालत स्थिर है।

News Archives

Latest News