DNN रामशहर
मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महत्वकांक्षी जनमंच कार्यक्रम के माध्यम से बिना किसी भेदभाव के शिकायतों को निपटारा सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनमंच में विभागीय अधिकारियों द्वारा की गई प्रतिबद्धताओं का औचक निरीक्षण किया जाएगा ताकि यह पता चल सके कि वास्तव में समस्या का समाधान हुआ है या नहीं। नरेंद्र बरागटा आज सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामशहर में आयोजित जनमंच की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनमंच में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय में निपटारा सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि जनमंच की शिकायतों का अनुश्रवण सीधे मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव भी कर रहे हैं तथा अब जिले में यह जिम्मेदारी उपायुक्तों को सौंपी जा रही है। उन्होंने कहा कि जन मंच कार्यक्रम शिकायत निवारण एवं प्रदेश सरकार तक विभिन्न कार्यों की उचित फीडबैक का सशक्त माध्यम बन कर उभरा है।
जनमंच कार्यक्रम में 161 समस्याएं लोगों द्वारा प्रस्तुत की गई जिनमें से 107 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। शेष समस्याओं को संबंधित विभागों को समयबद्ध निपटारे के लिए भेजा गया। जनमंच में अधिकांश मांगों का भी निपटारा कर दिया गया। जनमंच में नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के बेहड़ी, धरमाणा, चड़ोग, कोइड़ी, डोली, मितियां, भवासणी और रामशहर पंचायतों की समस्याआंे पर विशेष ध्यान दिया गया।
जनमंच में 186 हिमाचली प्रमाण पत्र, 34 चरित्र प्रमाण पत्र तथा 74 आय प्रमाण पत्र बनाए गए। 67 व्यक्तियों को परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध करवाई गई। 34 अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र तथा 8 अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र बनाए गए। 77 इन्तकाल किए गए। 12 हल्फनामें भी तैयार किए गए। जनमंच के अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निःशुल्क शिविर में 345 रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई। 52 रोगियों का नेत्र परीक्षण किया गया। 98 आधार पंजीकरण किए गए। 24 लर्नर ड्राईविंग लाइसेंस बनाए गए। आयुर्वेद विभाग द्वारा आयोजित किए गए शिविर में 140 तथा होम्योपैथी शिविर में 75 रोगियों की जांच की गई।
इस अवसर पर नरेंद्र बरागटा ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत भी महिलाओं को सम्मानित किया। बेटी है अनमोल योजना के तहत 10-10 हजार रूपये की एफडी भी प्रदान की गई।
इससे पूर्व नरेंद्र बरागटा ने एक बूटा बेटी के नाम योजना के अंतर्गत पौध रोपण भी किया।















