DNN परवाणू
जिला के परवाणू क्षेत्र में शातिर लुटेरों ने एक बैंक की एटीएम मशीन को क्रैन से उखाड़ा और छोटे वाहन में डालकर फरार हो गए। मशीन में करीब 10 लाख रुपए कैश था। घटना के बाद क्षेत्र में खलबली मच गई है। अहम बात यह है कि चुनाव अचार संहिता होने के कारण इन दिनों नाकाबंदी ज्यादा है। ऐसे में शातिरों द्वारा घटना को अंजाम देने से पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। जब सुबह बैंक प्रबंधकों को घटना की जानकारी मिली, तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। एटीएम मशीन में करीब 10 लाख रुपए होने की संभावना है। अभी तक की जांच में खुलासा हुआ है कि शातिरों ने पहले क्रैन से उखाड़ा और इसके बाद उसे अन्य वाहन में लेकर फरार हो गए। एएसपी शिव कुमार शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इस संबंध में पुलिस में शिकायत आई है कि कार्पोरेशन बैंक के ए.टी.एम. मशीन को उखाड़ कर चोरी किया गया है। उन्होंने कहा कि डीएसपी परवाणू के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।















