प्रदेश के इस जिला में दिव्यांग मतदाताओं के लिए अनूठी पहल

Kangra Politics
DNN धर्मशाला
ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त, कांगड़ा, संदीप कुमार ने कहा कि दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने के लिए ज़िला भर में 6 अपै्रल को बाइक रैली आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही बाइक रैली के माध्यम से ज़िला के विभिन्न विभागों के अधिकारी दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर मतदान प्रक्रिया के बारे जानकारी देंगे। इस रैली में उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, अतिरिक्त ज़िला दंडाधिकारी, सहायक आयुक्त (उपायुक्त), ज़िला पंचायत अधिकारी, परियोजना अधिकारी डीआरडीए, ज़िला कल्याण अधिकरी, ज़िला राजस्व अधिकारी, ज़िला परियोजना अधिकारी (महिला एवं बात विकास) शामिल होंगे तथा कुल 18 दिव्यांग मतदाताओं के घर-द्धार पर जाकर मतदान करने के लिए जागरूक करेंगे।
    उन्होंने बताया कि इसी प्रकार की रैली का आयोजन प्रत्येक उपमंडल स्तर पर भी किया जाएगा जिसमें उपमंडलाधिकारी (नागरिक), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी शामिल होंगे तथा 250 दिव्यांग मतदाताओं के घर-द्धार पर जाकर मतदान करने के लिए जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर समस्त आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। दिव्यांग मतदाताओं के लिए सभी मतदान केंद्रों पर रैंप तथा व्हील चेयर की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के समीप दिव्यांगों के लिए पार्किंग की भ्ी उचित व्यवस्था की जाएगी ताकि मतदान के अधिकार से कोई भी दिव्यांग छूट नहीं पाए। 
    उन्होेंने बताया कि दिव्यांगों को मतदान में किसी तरह की समस्या न हो इस के लिए ईवीएम पर ब्रेल लिपि का प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला के सभी दिव्यांग मतदान में भाग ले सकें इस के लिए जिला प्रशासन की ओर से मतदाता जागरूकता अभियान भी आरंभ किया गया है। प्रत्येक घर में वोटर गाइड पुस्तिका वितरित की जाएगी जिसमें मतदान से संबंधित आवश्यक जानकारी मतदाताओं को दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों में नोमिनेशन से दस दिन पहले तक नाम शमिल किए जा सकते हैं इस के लिए जिला भर में मतदाता जागरूकता अभियान भी आरंभ किया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र मतदाताओं को वोटर लिस्ट में शामिल किया जा सके।

News Archives

Latest News