DNN सोलन
निजी स्कूलों के खिलाफ अभिभावकों का रोष बढ़ता जा रहा है। सोलन में एक के बाद एक निजी स्कूलों के खिलाफ अभिभावक सड़कों पर आ रहे हैं। सरकार द्वारा निजी स्कूलों पर शिकंजा कसने में नाकाम रहने के बाद अब लोगों को खुद ही मोर्चा खोलकर सरकार को जगाना पड़ रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को सोलन में डीएवी स्कूल के अभिभावकों ने भी चिल्ड्रन पार्क में एक बैठक करके स्कूल द्वारा विभिन्न चार्जेज में की गई वृद्धि को लेकर मोर्चा खोल दिया। गौर रहे कि इससे पहले कंडाघाट डीएवी स्कूल के अभिभावकों ने भी डी सी सोलन से मुलाकात करके उनसे स्कूल में लिए जा रहे विभिन्न चार्जेज को लेकर ज्ञापन सौंपा था और कार्रवाई की मांग की थी। वहीं एक के बाद एक स्कूल के खिलाफ अभिभावकों के सड़कों पर उतरने से सरकार व विभाग पर भी दबाव पड़ने लगा है। लोगों का कहना है कि यदि सरकारी तंत्र समय पर स्कूलों पर शिकंजा कसता तो उन्हें सड़कों पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ती। सरकार द्वारा इस दिशा में कोई भी कार्य करने में नाकाम रहने के कारण ही उन्हें सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
वहीं चुनावी मौसम में अभिभावकों के सड़कों पर उतरने से आगामी समय में निजी स्कूलों की मनमानी पर शिकंजा कसना चुनावी मुद्दा बन सकता है और इस मुद्दे पर जमकर राजनीति होने की संभावना भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है।















