DNN सोलन
जिला परिषद् भवन सोलन के सभागार में आज प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए पेंशन योजना का शुभारंभ शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद प्रो. विरेन्द्र कश्यप द्वारा किया गया। इस योजना के तहत 20 पात्र लोगों को प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पैंशन कार्ड वितरित किए गए।
सांसद ने अपने स बोधन में जानकारी देते हुए बताया कि यह पेंशन योजना असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए सबसे बड़ी पैंशन स्कीम है जिसमें प्रत्येक माह दिया जाने वाला प्रिमियम आधा सरकार द्वारा तथा आधा आवेदक द्वारा भरा जाएगा। इस योजना के तहत आवेदक की मृत्यु हो जाने के बाद पैंशन की आधी राशि उसकी पत्नी को मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए आवेदन नजदीकी कोमन सर्विस सैंटर में किया जा सकता है तथा शीध्र ही इस योजना की अधिकारिक वैब साईट और माबाईल एप्प जारी कर दी जाएगी।
कश्यप ने कहा कि इस योजना का लाभ असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले जैसे घर में काम करने वाले, रेहड़ी लगाने वाले दुकानदार, ड्राइवर, प्लंबर, दर्जी, मिड-डे मील वर्कर, रिक्शा चालक, निर्माण कार्य करने वाले मजदूर, कूड़ा बीनने वाले, बीड़ी बनाने वाले, हथकरघा, मोची, धोबी, चमड़ा कामगार इत्यादि जिनकी आयु अभी तक 18 से 40 वर्ष तथा आमदनी 15 हजार प्रतिमाह से कम है वह सभी इस योजना का लाभ उठा सकते है। इस स्कीम के तहत असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे लोगों को 60 साल की उम्र के बाद 3000 रुपए प्रति माह की पेंशन दी जाएगी।
इससे पहले उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने जानकारी दी कि यदि कोई 18 साल की उम्र से इस स्कीम को शुरू करता है तो उसे हर महीने 55 रुपए, 29 साल की उम्र वाले कामगारों को हर महीने 100 रुपए और 40 साल की उम्र वालों को 200 रुपए का योगदान देने पर श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना में लाभ प्राप्त कर सकेंगे।















