जनमंच से आम आदमी तक पहुंच रही है प्रदेश सरकार: किशन कपूर

Kullu Politics
DNN कुल्लू (रेणुका गोस्वामी)
आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रदेश सरकार की ओर से आरंभ किए जनमंच कार्यक्रम की कुल्लू जिला में नौंवी कड़ी में रविवार को बंजार विधानसभा क्षेत्र की उपतहसील सैंज में जनमंच आयोजित किया गया। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर की अध्यक्षता में आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में सैंज घाटी की 14 ग्राम पंचायतों तलाड़ा-प्रथम, भलाण-द्वितीय, देवगढ़गोही, रैला, देउरीधार, शैंशर, शांघड़, गाडापारली, सुचैहण, बनोगी, दुशाहड़, धाउगी, कनौन और ग्राम पंचायत लारजी के निवासियों की 116 समस्याओं की सुनवाई की गई।
   इनमें से 50 जनसमस्याएं ई-समाधान के माध्यम से प्राप्त की गई थीं, जबकि 66 शिकायतें आफलाइन या मौके पर ही प्राप्त की गईं। कुल 116 जनशिकायतों में से लगभग 55 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। किशन कपूर ने बताया कि एनएचपीसी और एचपीपीसीएल की जलविद्युत परियोजनाओं से प्रभावित लोगों की समस्याओं की सुनवाई और समाधान प्रदेश सरकार एक उच्च स्तरीय बैठक में करेगी। इस बैठक में सभी जलविद्युत परियोजनाओं के अधिकारियों को बुलाया जाएगा। इसलिए जनमंच में विद्युत परियोजनाओं के प्रभावितों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा नहीं की जा रही है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को अन्य जनसमस्याओं को अतिशीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनमंच के माध्यम से आम लोगों तक पहुंच रही है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रही है। इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का अनुसरण देश के अन्य राज्य भी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस कार्यक्रम की प्रशंसा की है। किशन कपूर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीबों और आम लोगों को समर्पित है। हाल ही में प्रस्तुत किए गए केंद्र सरकार के बजट में हर वर्ग के हित में कई सराहनीय निर्णय लिए गए हैं।
   इससे पहले विधायक सुरेंद्र शौरी ने खाद्य मंत्री का स्वागत किया और जनमंच के आयोजन के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एडीएम अक्षय सूद, एएसपी राजकुमार चंदेल, जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चैधरी, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, एसडीएम एमआर भारद्वाज, डीआरडीए के परियोजना अधिकारी सुरजीत सिंह और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
237 गैस कनैक्शन बांटे, 17 बेटियों को दिए एफडी के दस्तावेज
 जनमंच के दौरान खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर ने हिमाचल गृहिणी योजना के तहत पात्र महिलाओं को मुफ्त गैस कनैक्शन बांटे। कुल 237 महिलाओं को ये कनैक्शन दिए गए। 17 बच्चियों को बेटी है अनमोल योजना के तहत दस-दस हजार रुपये की एफडी के दस्तावेज प्रदान किए गए, जबकि चार कन्याओं को बेटी है अनमोल योजना और एक बूटा बेटी के नाम के तहत एक-एक बेबी किट व जापानी फल के पौधे भेंट किए गए। एक युवती को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत 40,000 रुपये का चैक दिया गया। 
420 हिमकेयर कार्ड बनाए, 150 लोगों का मेडिकल चैकअप
 प्रदेश सरकार की हिमकेयर योजना के तहत पात्र लोगों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने के लिए सैंज क्षेत्र के 420 लोगों के कार्ड बनाए गए हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री ने जनमंच के दौरान ये कार्ड बीएमओ को सौंपे। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर में लगभग 150 लोगों की जांच की गई तथा उनके आवश्यक टैस्ट भी किए गए। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. विक्रम कटोच ने लोगों को स्वाईन फ्लू से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान एचआरटीसी के अधिकारियों ने बस पास और बस किराये में छूट की अन्य योजनाओं के कार्ड मौके पर ही बनाए। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भी लोगों को आवश्यक दस्तावेज मौके पर ही प्रदान किए।

News Archives

Latest News