बच्चे प्रतिबद्धता व ईमानदारी का मूलमंत्र लेकर आगे बढ़े: किशन कपूर

Kangra Politics
DNN धर्मशाला
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर ने छात्रों से भारतीय सेना के वीर सैनिकों के जीवन से ईमानदारी, अनुशासन, समर्पण और प्रतिबद्धता की सीख लेने का आह्वान किया है। कपूर ने कहा कि भारत के वीर सैनिक एक लक्ष्य लेकर कठिन परिस्थितियों में भी दुर्गम क्षेत्रों में अपने प्राणों व परिवार की परवाह किये बिना देश की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। हम सभी को उनकी बहादुरी से जीवन के लिए सबक लेना चाहिए। 
    किशन कपूर आज राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मशाला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बोल रहे थे।
कपूर ने कहा कि वह भी इसी स्कूल के छात्र रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे जब भी इस स्कूल में आते हैं तो वह अपने आपको मंत्री नहीं बल्कि आज भी छात्र ही समझते हैं। उन्होंने कहा कि इसी स्कूल से उन्होंने ईमानदारी, आगे बढ़ने का मंत्र सीखा। उन्होंने कहा कि राजनीति में प्रवेश करने की प्रेरणा भी उन्हें इसी स्कूल से मिली है। उन्होंने कहा कि वह इस विद्यालय के पहले विद्यार्थी हैं जिन्होंने राजनीति में प्रवेश किया है। उन्होंने कहा कि गुरूजनों के आर्शीवाद से ही आदमी आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे कोई अच्छा मुकाम हासिल करते हैं तो इतनी खुशी अभिभावकों को नहीं होती जितनी खुशी अध्यापकों को होती है। 
उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि जिन्दगी में आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्धता व ईमानदारी का मूलमंत्र लेकर आगे बढ़े और इस उद्देश्य को लेकर चलें की हमें सीखना है, पढ़ाई करनी है और आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय एक ऐसा मन्दिर जिससे निकले मोती प्रशासनिक सेवा में सेना में तथा कई उच्च पदों पर आसीन हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन चन्द्र नारायण भी इसी स्कूल के छात्र रहे हैं जिन्होंने 1965 की लड़ाई में पाकिस्तान सेना के छक्के छुड़ा दिये थे। उन्होंने कहा स्कूल रूपी मंदिर से जो आर्शावाद प्राप्त करके जाएगा वो निःसंदेह बुलन्दियों को छुएगा। उन्होंने कहा कि अध्यापक बच्चों को ऐसी शिक्षा दें कि वे राष्ट्र के लिए खड़े हो जाएं ताकि राष्ट्र पर कोई आंख न उठा सके। उन्होंने कहा कि बच्चे ऐसा इंकलाब लाएं कि भ्रष्टाचार, झूठ व षडयंत्र खत्म हो जाए। 
किशन कपूर ने कहा कि आज ही कल्पना चावला की पुण्यतिथि है जो एक भारतीय अमरीकी अंतरिक्ष यात्री और अंतरिक्ष शटल मिशन विशेषज्ञ थी और अंतरिक्ष में जाने वाली प्रथम भारतीय महिला थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने राहत देते हुए आयकर में छूट की सीमा को बढ़ाकर 5 लाख कर दिया हैै। उन्होेंने कहा कि 5 लाख तक सालाना आमदनी पर अब आयकर नहीं लगेगा। पहले यह सीमा 2 लाख 50 हजार रुपये थी। 
  खाद्य आपूर्ति मंत्री ने वार्षिक उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि स्कूलों में ऐसे उत्सवों के आयोजन से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए मंच तो प्राप्त होता है, साथ-साथ बच्चों में आत्मविश्वास की भावना के अतिरिक्त प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती है। 
      
घोषणाएं
खाद्य आपूर्ति मंत्री ने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 31 हजार रुपये, स्कूल ग्राउंड के सुधारीकरण के लिये 5 लाख रुपये, स्कूल के हाल की मरम्मत के लिए 5 लाख रुपये तथा स्कूल में 10 स्मार्ट क्लास रूम बनाने की घोषणा की। उन्होंने संगीत अध्यापक के पद को भरने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल भवन की मरम्मत कार्य के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किये गए हैं तथा इसका टेंडर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मटौर से मैकलोडगंज तक राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए 42 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
  इस अवसर पर मंडलाध्यक्ष कैप्टन रमेश अटवाल, एसडीएम धर्मेश रामोत्रा, महामंत्री डॉ.विजय शर्मा, जिला महामंत्री प्रदीप कुमार, विपिन नैहरिया, मीडिया प्रभारी राजेश शर्मा, उप निदेशक उच्च शिक्षा केके शर्मा, एरिया मैनेजर खेम चन्द, स्मार्ट सिटी के अधिशाषी अभियंता विजय चौधरी, शमशेर, आईपीएच के अधिशाषी अभियंता विकास बख्शी, जिला खाद्य नियंत्रक नरेन्द्र धीमान, अशोक एंडी, कैप्टन पुरूषोतम, विनोद वरसैन, श्याम शर्मा, अक्षय शर्मा, एसडीओ विपिन, अनिल नागपाल, एसएमसी सुमन कुमारी सहित विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, स्कूल के अध्यापक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद थे।

News Archives

Latest News