पर्यटन स्थल जलोड़ी जोत ने ओढ़ी सफ़ेद चादर,जनजीवन प्रभावित 

Kullu Others
DNN आनी  (चमन शर्मा)
शनिवार से हो रही बारिश और बर्फ़बारी से तापमान में भारी गिरावट हुई है । एक बार फिर आनी और निमण्ड की जनता जिला मुख्यालय कुल्लू से कट गई है । जिले भर के निचले क्षेत्रों में जोरदार बारिश और पहाड़ों पर हिमपात होने से तापमान में भारी गिरावट हुई है जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं और लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। जलोड़ी जोत पर तकरीबन दो फ़ीट बर्फ़बारी हो चुकी है । इससे जलोड़ी दर्रा पूरी तरह से यातायात के लिए ठप पड़ गया है । आनी क्षेत्र के कई ऊँचाई वाले क्षेत्रों जलोड़ी,रघुपुर,खनाग,कण्डागई,डुघा,शिगान,बुच्छैर ,डीम,डींग, लगौटी,फनौटी और दलाश के ऊँचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फ़बारी हो रही है । बारिश और बर्फ़बारी से किसान बागवानों के चेहरे चहक उठे है । क्षेत्र के रामकृष्ण ठाकुर,दीपक ठाकुर,जय सिंह राणा,संजीव सूद,महेंद्र ठाकुर,प्रकाश ठाकुर,प्रदीप ठाकुर और राकेश ठाकुर ने कहा कि बारिश और बर्फ़बारी से खेतों में नमी बन गई है अब खेतों में तौलिए बनाने व दूसरे कार्यों को करने में आनंद आएगा ।
पिछले कल से जिले के निचले क्षेत्रों में बूंदाबांदी और पहाड़ाें पर हिमपात होने लगा था, निचले क्षेत्रों में जोरदार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों के पहाड़ों पर भारी हिमपात होने के कारण एक बार फिर से भयंकर सर्दी का एहसास होने लगा है । वहीं, दिन भर आनी के बाज़ार में वीरानी का माहौल बना रहा।  रविवार को ऊँचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फ़बारी व ठंडी हवाओं ने लोगों को देर तक रजाई से नहीं निकलने दिया । पूरे क्षेत्र में तेज सर्द हवाओं के झोंके बहने से ठंड का प्रकोप बढऩे की आशंका मौसम विशेषज्ञों ने जतायी है ।

News Archives

Latest News