DNN सोलन
क्षय रोग मुक्त हिमाचल अभियान के तहत आज सोलन जिला में क्षय रोग मुक्त हिमाचल अभियान पखवाड़ा-2019 आरंभ हुआ। यह अभियान प्रथम जनवरी से 15 जनवरी 2019 तक कार्यान्वित किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. आरके दरोच ने दी।
डॉ. दरोच ने कहा कि क्षय रोग मुक्त अभियान के अंतर्गत सोलन जिला में 1,11,802 व्यक्तियों की तपेदिक के लिए जांच की जाएगी। इस कार्य में विभाग के 129 कर्मचारी तथा 200 आशा कार्यकर्ता कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि जांच के लिए कुल 127 दल गठित किए गए हैं। ये दल प्रथम चरण में जिला की 40 पंचायतों में सघन जांच अभियान कार्यान्वित करेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी तपेदिक रोगियों को उपचार अवधि में निक्षय पोषण योजना के तहत 500 रुपये प्रतिमाह पोषण सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी को 2 सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहे, शाम के समय बुखार आ रहा हो, खांसते समय बलगम में खून आ रहा हो, छाती में दर्द हो अथवा सांस फूल रही हो, गर्दन या बगल में गांठे हो और भूख एवं वजन कम हो रहा हो तो यह क्षय रोग हो सकता है। उन्होंने कहा कि इन लक्ष्यों की स्थिति में व्यक्ति को तुरंत समीप के चिकित्सा केंद्र में अपनी जांच करवानी चाहिए तथा क्षय रोग होने की स्थिति में चिकित्सक के निर्देशानुसार दवा लेनी चाहिए। डॉ. आरके दरोच ने कहा कि इस संबंध में अधिक जानकारी टोल फ्री नंबर 1800-11-6666 पर प्राप्त की जा सकती है।















