DNN धर्मशाला
शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने बुधवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में 2.86 करोड़ रुपए से होने वाले ठेहड़-परगोड़ सड़क के सुधारीकरण कार्य का नींव पत्थर रखने के उपरांत कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में सड़क निर्माण, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के सुधार और विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है । पर्वतीय राज्य में सड़कें ग्रामीण आर्थिकी व विकास की भाग्य रेखायें हैं और सरकार ने सड़कों की स्थिति को सुधारने पर ध्यान केंद्रित किया है।
इससे पहले शहरी विकास मंत्री ने डिब्बर में सम्पर्क सड़क के कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके उन्होंने कहा कि इस संपर्क मार्ग के बनने से लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के लिए वे आठ लाख की धनराशि का पहले ही प्रावधान कर चुकी हैं, उन्होंने इसके अतिरिक्त संपर्क सड़क के लिए अलग से 10 लाख और देने की घोषणा भी की। शहरी विकास मंत्री ने संपर्क सड़क के लिए स्थानीय 25 परिवारों द्वारा जमीन दान करने पर विकास में जनसहयोग की उनकी भावना की तारीफ करते हुए सभी परिवारों का आभार जताया । उन्होंने कहा कि डिब्बर आंगनबाड़ी केन्द्र भवन के लिये 7 लाख की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और शीघ्र ही आंगनबाड़ी केंद्र का अपना भवन बनाया जाएगा ।
शहरी विकास मंत्री ने सुनी समस्याएं
सरवीन चौधरी ने डिब्बर तथा भनाला में लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं का निपटारा करें ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़ें।
इस अवसर पर एडवोकेट दीपक अवस्थी, विजय कुमार, प्रधान भरुपलाहड़ नरेश, प्रधान परगोड़ मनोहर, प्रधान लंज खास रमेश, प्रधान ठेहड़ ललिता देवी, बीडीसी रंजना देवी, सकीना शर्मा, बलवीर ठाकुर, रघुवीर सिंह, अश्वनी चौधरी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय लोग सहित भनाला स्कूल के अध्यापक, बच्चे उनके अभिभावक तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।















