बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम से जुड़ा देव समाज 

Mandi Politics

DNN मण्डी

जिला प्रशासन की अभिनव पहल बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के साथ देव समाज द्वारा जुड़ने व उनके उत्थान व कल्याण के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता दर्शाने के लिए आज उपायुक्त मण्डी ऋग्वेद की अध्यक्षता में उपायुक्त सभागार में सर्व देवता सेवा समिति मण्डी के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में सर्व देवता सेवा समिति के प्रधान शिवपाल शर्मा ने कन्या भ्रूण हत्या रोकने व बेटियों की सुरक्षा के लिए लिये गए संकल्प का हस्ताक्षरित प्रतिबद्धता पत्र उपायुक्त को सौंप कर समस्त देव समाज के कारधारों से इस अभियान से जुड़ने का आहवान किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने देव समाज को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से जुड़ने व इस मुहिम का संदेश घर घर तक पहुंचाने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के बदलते परिवेश में बेटा व बेटी एक समान है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पिछले कई वर्षाें से मेरी लाडली के माध्यम से जिले में कन्या भ्रूण हत्या को रोकने तथा बेटियों को बचाने व उन्हें सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके उत्थान व कल्याण के लिए प्रयास किए जा रहे है और अब देव समाज के भी इस मुहिम से जुड़ने से बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं कार्यक्रम को आगे बढ़ाने तथा लोगों की बेटियों के प्रति सोच बदलने में और मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेटियों की घटती जन्म दर के मुख्य दो कारण है एक बेटे की लालसा तथा दूसरा दहेज प्रथा । यह सोच धीरे धीरे समाज में बढ़ती जा रही है इसलिए बेटियों को बचाने के लिए व समाज का सन्तुलन बनाए रखने के लिए देव समाज की पहल कारगर साबित होगी।

News Archives

Latest News