80 साल की बुजुर्ग महिला ने रो-रोकर मंत्री को सुनाया दुखड़ा, जानिये क्या है पूरा मामला

Others Politics Sirmaur

DNN नाहन।

प्रदेश की जयराम सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम जनमंच का एक सुखद चेहरा आज जिला मुख्यालय नाहन से तकरीबन 13 किलोमीटर दूर नावनी पंचायत के जमटा में आयोजित जनमंच में उस वक्त देखने को मिला, जब चलने-फिरने में असमर्थ एक 80 साल की बुजुर्ग महिला बैसाखियों के सहारे मंत्री के समक्ष न्याय की गुहार लगाने पहुंची और मंत्री महोदय ने भी तुरंत जांच के निर्देश जारी कर दिए।
दरअसल जनमंच कार्यक्रम में प्रदेश के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। तभी इस बीच एक 80 साल की बुजुर्ग महिला बैसाखी के सहारे मंच की तरफ बढ़ने लगी। लिहाजा मंच से उतरकर तुरंत नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल उक्त बुजुर्ग के पास पहुंचे और उनकी समस्या को सुनते हुए शिकायत पत्र मंत्री राजेंद्र गर्ग को पहुंचाया।
यह महिला सुरला पंचायत से ताल्लुक रखती हैं, जिनका नाम कृष्णा प्यारी है। बुजुर्ग महिला कृष्णा प्यारी ने मंत्री को अपनी आपबीती सुनाई। महिला का आरोप था कि उसकी बहू उसके साथ मारपीट करती है। घर में घुसने नहीं देती। इस वजह से वह पांच माह से अपनी पड़ोसन सुरला निवासी शकुंतला के घर पर रह रही है। पड़ोसन शकुंतला ही इस महिला को जनंमच में लेकर पहुंची थी। बुजुर्ग महिला ने बताया कि उसके पति पूर्ण चंद पटवारी थे। उनकी मौत के बाद उसके बड़े बेटे कुलदीप को करूणामूलक आधार पर पिता की नौकरी मिली। कुछ वर्ष पहले उसकी भी मौत हो गई और बेटे की पत्नी को डीसी आफिस में चपरासी की नौकरी मिल गई। अब उसकी विधवा बहु उसे जमीन व पैसे के लिए परेशान करती है। उसके साथ अभद्र व्यवहार भी करती है।
कृष्णा प्यारी का एक अन्य बेटा व बहु भी उससे अलग घर बनाकर रह रहे है। महिला ने आरोप लगाया कि डीसी कार्यालय नाहन में तैनात उसके मृतक बेटे की बहू ने उसका जीना मुश्किल कर रखा है। लिहाजा मंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए बुजुर्ग महिला ने कहा कि यदि उसे कुछ हो जाता है, तो उसकी बहू उसके लिए जिम्मेदार होगी, न कि शकुंतला देवी। साथ ही मांग की कि उसकी जमीन आदि भी परिवार से उन्हें वापिस दिलवाई जाए।
उधर मंत्री राजेंद्र गर्ग के निर्देशों पर मौके पर ही डीसी सिरमौर राम कुमार गौतम ने दो सप्ताह में जांच पूरी करने के बाद आगामी कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

News Archives

Latest News