DNN दाड़लाघाट (आशीष)
दाड़लाघाट पंचायत के अंतर्गत आने वाले जावी ताउनी और बागी गांव के लगभग 100 लोग पिछले 5 दिन से बिजली गुल होने के कारण अंधेरे में ही अपना गुजर बसर कर रहे हैं। गांव के लोगो का कहना है कि विद्युत विभाग द्वारा इन गांवों के लिए जो ट्रांसफार्मर लगाया गया है, वह 5 दिन पूर्व जल गया था, लेकिन अभी तक न तो उसे ठीक किया गया है न ही उसकी जगह अन्य ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इन लोगों ने अपनी परेशानी जाहिर करते आरोप लगाया है कि हम 5 दिनों से अंधेरे में रह रहे हैं और विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जब ट्रांसफॉर्मर आएगा तो लग जाएगा। 5 दिन से सबसे बड़ी परेशानी तो पानी की है क्योंकि बिजली न होने से तीनों गांव के लोग पानी की आपूर्ति न होने के कारण अत्यंत परेशान हो गए हैं। इनका कहना है कि जन स्वास्थ्य एवं सिंचाई विभाग का पानी तो नाममात्र का आता था हमने अपनी बोरिंग करवा कर पानी की व्यवस्था कर रखी है। लेकिन बिजली न होने के कारण वह व्यवस्था भी ठप्प पड़ी है। सैंकड़ों मवेशियों के पानी की आपूर्ति करना दूभर हो गया है। उन्होंने विभाग से शीघ्र बिजली बहाली की मांग की है।
भीषण गर्मी में कई दिनों से बिजली न आने से लोगों का हाल-बेहाल हो गया है लोगों ने बताया कि तेज धूप होने के कारण खुले में भी राहत नहीं मिल रही है। साथ ही बिजली न आने से पेयजल समस्या भी हो गई है क्योंकि गांव को जो पानी हैंडपंप से आता है वह भी बिजली पर ही निर्भर है। बिजली न आने पर गांव के खेमराज, धर्मपाल, मुकेश शुक्ला, नन्द लाल, दौलतराम, देवराज आदि लोगों ने बताया कि बिजली की समस्या बारे विभाग के एसडीओ, जेई व अन्य कर्मचारियों को कई बार मौखिक और फोन पर अवगत करवाया लेकिन आज तक बिजली ठीक नहीं हुई। उन्होंने बताया कि विभाग के कर्मचारी नए ट्रांसफार्मर आने की ही बात करते है।लेकिन आज तक ट्रांसफार्मर नहीं लगा।जिस कारण लोगों को बिजली व पेयजल की समस्या से जुझना पड़ रहा है।
जब इस बारे सहायक अभियंता ओमप्रकाश शर्मा से बात की तो उन्होंने बताया कि नए ट्रांसफार्मर की डिमांड उच्चाधिकारियों को दे दी है।नए ट्रांसफार्मर नहीं आ रहे है।लोगो की समस्या को देखते हुए अब इसी ट्रांसफार्मर को रिपेयर करवाया जा रहा है और जल्द ही लोगों की बिजली चालू कर दी जायेगी।


















