5 वर्षीय मासूम बच्ची का भाई बोला-पिता ने काटा था बहन का गला, मासूम का चल रहा उपचार

Crime Hamirpur

DNN हमीरपुर।

13 मई। जिला के बरोहा गांव में 5 वर्षीय मासूम बच्ची का गला काटने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मामले में सदर थाना हमीरपुर पुलिस ने इस मासूम बच्ची के 12 वर्षीय भाई के बयान दर्ज किए हैं, जिसमें उसने पिता पर ही छोटी बहन का गला दराती से काटने की बात कही हैं। घायल मासूम टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन है। आरोपी पिता टांडा मेडिकल कॉलेज से ही फरार हो गया है। अब पुलिस आरोपी की धरपकड़ में जुट गई है। दरअसल बुधवार रात को यह घटना सामने आई थी। हमीरपुर के प्रताप नगर में रहने वाला प्रवासी परिवार 10 मई को किराए को छोड़कर बरोहा गांव में पहुंचे। पुलिस को दिए बयान में 5 वर्षीय मासूम बच्ची के 12 वर्षीय भाई ने कहा है कि 11 मई को उसके पिता ने बहन को बालों से खींच कर दराती से गले पर काट दिया। वारदात के वक्त परिवार के सभी सदस्य यहां पर मौजूद थे, लेकिन बेटी का गला कटने के बाद उसकी मां वहां से भाग गई। इसके बाद 12 वर्षीय बेटा अपने पिता के साथ घायल बच्चे को लेकर मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में पहुंचा। यहां पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। यहां पर घायल बेटी के पिता ने पुलिस को यह बयान दिया कि उसकी बेटी छत से नीचे गिर गई है और उसके गले में चोट लगी है। पुलिस को बयान देने के बाद आरोपी पिता अपने बेटे के साथ घायल बेटी को लेकर टांडा मेडिकल कॉलेज चला गया और इसी बीच जिला पुलिस हमीरपुर ने एक टीम टांडा के लिए रवाना कर दी। यहां पर शुक्रवार को घायल बहन के बड़े भाई के बयान दर्ज किए गए हैं। जबकि आरोपी पिता यहां से फरार हो गया है।

हमीरपुर में पुलिस को किया गुमराह, टांडा में शराब की पीकर किया हंगामा
जानकारी के मुताबिक आरोपी पिता पहले तो मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में पुलिस को यह कहकर गुमराह किया कि उसके बेटी छत से गिरी है और टांडा मेडिकल कॉलेज में शराब पीकर खूब हंगामा भी किया। यहां पर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने उसे अस्पताल से बाहर निकाला। इस बीच हमीरपुर से पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन उससे पहले आरोपी यहां से फरार हो गया था। इस वारदात के दौरान ही आरोपी की पत्नी घर से भाग गई थी वहीं अब दोनों माता-पिता के फरार होने से यह बच्चे अकेले पड़ गए हैं। पुलिस के मुताबिक अब बच्ची की हालत स्थिर है और इस मामले में डॉक्टर की राय के बाद अन्य धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया जा सकता है।

जिला बदायुं उत्तर प्रदेश का निवासी है यह प्रवासी परिवार
वहीं सदर थाना हमीरपुर के एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि घायल 5 वर्षीय बच्ची के भाई के बयान दर्ज किए गए हैं, जिसमें उसने कहा है कि उसके पिता ने दराती से बहन का गले पर काटा है। मामले में केस दर्ज कर आगामी छानबीन की जा रही है। आरोपी प्रवासी मजदूर है और अपने परिवार के साथ प्रताप नगर में किराए के कमरे में रहता था और उसके बाद 10 मई को किराए को छोड़कर बरोहा गांव में पहुंचा। यह परिवार मूलत गांव व डाकघर वियोली तहसील विसौली थाना बजीरगंज जिला बदायुं उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।

News Archives

Latest News