42 दिन के स्वर्ग प्रवास से लौटे देवताओं ने की भविष्यवाणी, लोगों के लिये सुखद व अच्छा रहेगा 2020

Kullu Religious

DNN मनाली (रेणुका गोस्वामी)
कुल्लू घाटी के जर्रे-जर्रे में देवआस्था का चमत्कारी प्रभाव अन्य राज्य के लोगों के लिए किसी अचंभे से कम नहीं है लेकिन सदियों से चली आ रही देव अनुकंपा से ही कुल्लू घाटी के समस्त गांव की सत्ता चलती है। देव अनुकंपा का साक्षात उदाहरण रविवार को मनाली के एतिहासिक गांव गोशाल में देखने को मिला। 42 दिनों के बाद स्वर्ग प्रवास से लौटे कुल्लू घाटी के आराध्य देवों ने आज भविष्यवाणी की। देवता के स्वर्ग प्रवास से आते ही देवालय में बंधी घंटियां खोल दी गईं। बंद पड़े रेडिय़ो व टी.वी. भी ऑन हो गए। देवताओं ने गुर के माध्यम से मानव जगत के लिए वर्ष 2020 वर्ष 2018 से मिलता जुलता बताया।

गुर व कारकूनों ने पूरी की देवविधि
स्वर्ग प्रवास से लौटे महाऋषि गौतम-महाऋषि व्यास व कंचन नाग द्वारा रविवार को कुल्लू घाटी के सैंकड़ों लोगों की उपस्थिति में दुनिया भर में होने वाले घटनाक्रम से अवगत करवाया गया। सुबह ही ऐतिहासिक गांव देव वाद्ययंत्रों से गूंज उठा। अपने आराध्य देवों के स्वर्ग प्रवास से लौटने को लेकर उत्सुक ग्रामीणों व देवता के कारकूनों ने देव विधिपूर्वक देवताओं का स्वागत किया। दोपहर बाद देवता के कारकूनों ने देव वाद्ययंत्रों के बीच देव विधि से कार्रवाई शुरू की। समस्त कुल्लू घाटी के लोगों ने गोशाल गांव में दस्तक देकर अपनी उत्सुकता प्रकट की। सभी कारकूनों व देवलुओं के देवालय में पहुंचते ही गोशाल गांव का माहौल भक्तिमय हो उठा। कारकूनों व पुजारियों द्वारा पूजा-अर्चना के बाद विधिपूर्वक मृदा लेप को हटाया गया। देवता के गुर व कारकूनों ने देवविधि को पूरा किया।

कुमकुम सेब के पत्ते डोरी निकलने से खुश दिखे लोग
मृदा लेप से जहां कुमकुम, फूल, अनाज का छिलका, सेब के पत्ते निकलने से ग्रामीण खुश हुए। काले बाल व कोयला भी हल्की मात्रा में निकला है। देवता ने वर्ष 2020 दुनिया के लिए कुछ अच्छा तो कुछ बुरा बताया है। उन्होंने गुर के माध्यम से घाटी में सेब की फसल अच्छी होने से साथ साथ शुभ कार्य अधिक रहने की बात कही। देवता के पुजारी चमन लाल, कारदार हरि सिंह ने बताया कि कुल मिलाकर यह वर्ष सभी के लिये सुखद रहेगा। उन्होंने बताया कि पत्थर व रेत कम मात्रा में निकला है जबकि कुमकुम व सेब के पत्ते अधिक निकले हैं जो सुखद है।

देव प्रतिवंध से मुक्त हुए ग्रामीण

घाटी के आराध्य देव स्वर्ग प्रवास से लौट आए हैं तथा ग्रामीण देव प्रतिबंध से मुक्त हो गए हैं। गांव में खुशी का माहौल है तथा ग्रामीण उत्सव मनाने में व्यस्त हो गए हैं। इस बार कोयला कम निकलने से लोग खुश हैं। पिछले कुछ सालों में कुल्लू घाटी ने आगजनी में बहुत कुछ खोया है। पंचायत प्रधान प्रताप ठाकुर, पूर्व प्रधान वेद राम ठाकुर व पूर्व प्रधान विद्या ठाकुर ने सभी घाटीवासियों को फागली उत्सव की बधाई दी। देवता के स्वर्ग प्रवास से लौटते ही मनाली की उझी घाटी में फागली उत्सव की धूम शुरू हो गई है।

News Archives

Latest News