4 किलोमीटर दूर अंधेरे में कन्धों पर उठाकर सड़क तक पहुंचाया मरीज

Himachal News Others Sirmaur

DNN नाहन

20 सितंबर । भले ही जयराम सरकार सड़क सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लाख दावे करती नहीं थक रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। सिरमौर जिला की रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से सामने आ रही तस्वीरें जयराम सरकार की विकास के दावों को आइना दिखा रही है।
दरअसल सरकार को आईना दिखाती यह तस्वीरें रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के बडोल पंचायत की है, जहां के कुणा गाँव को आज तक सड़क सुविधा नहीं मिल पाई है, जिसका खमियाजा यहां के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। अमूमन यहां से इस तरीके की तस्वीरें पेश आती है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे रात के अंधेरे में एक मरीज को डंडे के सहारे कंधों पर उठाकर लोग खड़ी चढ़ाई चढ़ रहे हैं।
दरअसल इस मरीज को इलाज के लिए अस्पताल तक पहुंचाना है। मगर यहां सड़क सुविधा नहीं है। इस मरीज को सड़क तक पहुंचाने के लिए करीब 3 घंटे का वक्त लग गया और इस दौरान इन लोगों को करीब 4 किलोमीटर का पैदल ही यह सफर तय करना पड़ा। रात करीब 2 बजे यह लोग मरीज को कंन्धो पर उठाकर कुणा गाँव से निकले और सुबह करीब 5 बजे मरीज को मुख्य सड़क तक पहुंचाया जा सका।
दरअसल पूर्व की कांग्रेस सरकार के समय इस गांव के लिए सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। मगर सालो बीत जाने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है, जिसका सीधा खामियाजा यहां रहने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
उधर इस बारे में क्षेत्र के कांग्रेस के विधायक विनय कुमार ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में करोड़ों रुपए इस सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत हुए थे और सड़क का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया था। मगर मौजूदा सरकार ने इस निर्माण कार्य को गंभीरता से नहीं लिया।
विनय कुमार ने कहा कि जयराम ठाकुर बड़े-बड़े दावे सड़क निर्माण को लेकर कर रहे हैं। मगर हकीकत यह है कि ठेकेदारों पर सरकार का कोई कंट्रोल नहीं है। अकेले रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में कई सड़कों के निर्माण कार्य और रुके पड़े हुए है। ठेकेदार सड़कों के निर्माण कार्य छोड़ कर भाग रहे है, जिसका परिणाम क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

News Archives

Latest News