27 अक्तूबर से 09 दिसम्बर तक फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम

Himachal News Others Solan

DNN सोलन

9 नवम्बर। भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोलन ज़िला के 51-नालागढ़ व 52-दून विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों पर 27 अक्तूबर, 2023 से 09 दिसम्बर, 2023 तक फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। यह जानकारी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने दी।
दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि 27 अक्तूबर, 2023 से 09 दिसम्बर, 2023 तक 51-नालागढ़ व 52-दून विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों पर अभिहित अधिकारी पात्र मतदाता से मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए प्रारूप-6 में आवेदन प्राप्त कर सकते है। इसके अतिरिक्त मृत्यु, विवाह या स्थान त्याग के कारण प्रारूप-7 में नाम हटवाए जाने बारे में आवेदन या आक्षेप प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज करने के लिए अहर्ता तिथि प्रथम जनवरी, 2024 होगी। इसके अतिरिक्त प्रथम अप्रैल, 2024, प्रथम जुलाई, 2024 और प्रथम अक्तूबर, 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाता भी अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। वर्तमान फोटोयुक्त मतदाता सूची में सम्बन्धित प्रविष्टियों जैसे नाम, पता, उम्र, फोटोग्राफ आदि की शुद्धि के लिए फार्म-8 पर आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। फोटो की शुद्धि के लिए नवीनतम रंगीन फोटोग्राफ सफेद पृष्ठभूमि सहित संलग्न करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावली में ऐपिक प्रतिस्थापन या दिव्यांगजन चिहांकित करने सम्बन्धी प्रविष्टि का सुधार या निवास स्थानांतरण के लिए फार्म-8 पर आवेदन प्रस्तुत किए जा सकते है।
दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि विशेष अभियान की तिथियों 18 व 19 नवम्बर, 2023 में भी पात्र मतदाता अपना दावा या आक्षेप समुचित प्ररुप में मतदान केन्द्र पर नियुक्त अभिहित अधिकारी या बूथ स्तर के अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से उपरोक्त दावे व आक्षेप प्रस्तुत किए जा सकते है। ऑनलाइन आवेदन के लिए वेब लिंक https://eci.gov.in  तथा वोटर हैल्पलाईन ऐप वी.एच.ए पर ई-पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है जिसमें ऑनलाईन फार्म भरे जा सकते है।
दिव्यांशु सिंगल ने 51-नालागढ़ व 52-दून विधानसभा क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं, महिला मण्डलों, युवक मण्डलों और गैर सरकारी संस्थानों से आग्रह किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपना सहयोग दें।
उन्होंने कहा कि 18 व 19 नवम्बर, 2023 को विशेष अभियान दिवसों पर अभिहित अधिकारी व बूथ स्तर के अधिकारी कार्यालय समय में सम्बन्धित मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से दावें एवं आक्षेप प्राप्त कर सकते हैं।
निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से आग्रह किया कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित, स्वच्छ एवं अद्यतन बनाए रखने में सहयोग दें।

News Archives

Latest News