DNN धर्मशाला
अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा कमल कांत सरोच के कहा कि जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेला 25 नवम्बर, 2018 को पुलिस मैदान धर्मशाला में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान विभिन्न प्रकार के मनोरंजन, खाने-पीने के स्टॉल तथा प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि मेले में विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाये जायेंगे स्टॉल पहले आएं पहले पायें आधार पर न्यनूतम दरों पर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति रेडक्रॉस मेले में स्टॉल लगाने के इच्छुक हैं, वे रेडक्रॉस सोसायटी, धर्मशाला के कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर सोसायटी द्वारा स्मारिका का प्रकाशन भी किया जा रहा है, जो इच्छुक व्यक्ति स्मारिका प्रकाशन के लिए अपना सहयोग देना चाहते हैं, वे भी रेडक्रॉस कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मेले के दिन बेवी शो के अलावा खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। बेवी शो के लिए 0 से 3 वर्ष के बच्चे भाग ले सकते है। इसकेे अतिरिक्त पुरूषों के लिए रस्साकस्सी, महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर रेस तथा बच्चों के लिए विभिन्न खेलों का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि लोगों के मनोरंजन के लिए तम्बोला, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा झूले इत्यादि होंगे। रेडक्रॉस मेले के दौरान लक्की ड्रॉ भी निकाले जायेंगे। अधिक जानकारी के लिए रेडक्रॉस सचिव से उनके कार्यालय दूरभाष नम्बर 01892-224888 तथा मोबाइल नम्बर 94188-32244 पर सम्पर्क कर सकते हैं।















