DNN धर्मशाला
शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने आज शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के 39 मील में 2 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले उपयुक्त प्रौद्योगिकी केन्द्र(एटीसी) (हिमाचल प्रदेश विज्ञान प्रौद्योगिकी और पर्यावरण परिषद्) की आधारशिला रखी।
शहरी विकास मंत्री नेे कहा कि इस केन्द्र में मॉडल और प्रौद्योगिकी के लिए प्रदर्शनी हॉल, 80 उपयोगकर्ताओं के लिए सम्मेलन हॉल, कर्मचारियों के लिए कार्यालय, पेंट्री और वॉश रूम तथा 10-12 वाहनों के लिए पार्किग की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए निविदाएं मंगाई गई हैं तथा इन्हें सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में खोला जाएगा।
सरवीन चौधरी ने अपने सम्बोधन में कहा कि एपरोप्रेट टेक्नोलोजी उस तकनीक को कहते हैं जो उस परिवेश के पर्यावरण संस्कृति और आर्थिक स्थिति के अनुकूल हो जहां वे प्रयोग की जानी है। इस अर्थ में समुचित तकनीक के लिए कम संसाधनों की जरूर पड़ती है। इसको अपनाने का खर्च कम आता है तथा पर्यावरण पर दुष्प्रभाव कम होता है। उन्होंने कहा कि ऐसी टेक्नोलोजी बदलते परिवेश के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें कृषि, पानी एवं आपदा प्रबन्धन इत्यादि जैसे स्त्रोतों में इसी तकनीक का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कृषि, डेयरी, पशुधन पालने में उपयुक्त प्रौद्योगिकी का प्रयोग किया है जिसकी वजह से भारत की विकास दर ऊंची हुई है। उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है, इंसान की जिदंगी में जितने बदलाव 100 वर्षों में नहीं हुए जितने पिछले 20 वर्षें में हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन बदलावों का कारण तकनीक ही है। उन्होंने कहा कि शाहपुर में एपरोप्रेट टेक्नोलाजी सेन्टर के खुलने से स्थानीय लोगों, महिला मंडलों, पंचायतों, सहायता समूहों और छात्र-छात्राओं को इसका भरपूर लाभ मिलेगा।















