215 करोड़ की लागत से शुरु होगी प्रदेश की यह सबसे बड़ी योजना

Mandi Politics

DNN मंडी 

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज 215 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सिराज और गोहर खण्ड़ों के लिए लंबाथाच में प्रदेश की सबसे बड़ी जलापूर्ति परियोजना की आधारशिला रखी। इस परियोजना के अंतर्गत सिराज विधानसभा क्षेत्र की 58 में से 33 पंचायतों के हजारों लोगों को पेयजल सुविधा प्राप्त होगी।

    मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर थुनाग में सिराज विधानसभा क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के महा सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से 1100 किलोमीटर लम्बी पाइप लाईन बिछाई जाएगी और अतिरिक्त घरों को पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। इस परियोजना के कार्य के पूर्ण होने पर 163 गांवों तथा 1135 बस्तियों के हजारों लोगों को लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए छड़ी, बाखली, छतरी तथा थानेसर खड्डों से जल उठाया जाएगा।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य के लोगों को उत्तरदायी एवं पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध करवा रही है। केन्द्र सरकार के साथ प्रभावी समन्वय के कारण राज्य में विकास कार्यों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व के चलते भारत विश्व शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि पुलवामा में भारतीय सैनिकों पर हुए आतंकी हमले के बाद सेना द्वारा पाक अधिकृत कश्मीर में आंतकी शिवरों पर की गई एयर स्ट्राइक के सम्बन्ध में विपक्षी नेताओं द्वारा सबूत मांगना दुर्भाग्यपूर्ण है।

    सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व पर प्रगति व समृद्धि की राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने सभी मंत्रिमण्डल के सहयोगियों को प्रदेश के लिए केन्द्र प्रायोजित योजना के सम्बन्धित मामलों को उठाने के निर्देश दिए हंै ताकि विकास में और तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा प्रदेश के लिए 4751 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी सिंचाई परियोजना स्वीकृति की है ताकि अधिक से अधिक खेतों को सिंचाई सुविधा के अंतर्गत लाकर वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना किया जा सके।

 

News Archives

Latest News