15वीं अंतर विद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का सफल समापन

Others Solan

Dnewsnetwork
सेंट ल्यूक्स विद्यालय में 9 एवं 10 मई को आयोजित 15वीं अंतर विद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुई। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में लड़कों की 11 तथा लड़कियों की 9 टीमों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास करना रहा।
प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ 9 मई को हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि फादर जॉन बॉस्को ने खिलाड़ियों को खेल भावना, सद्भावना एवं प्रेमपूर्वक प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
10 मई को प्रतियोगिता के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। लड़कियों के फाइनल मुकाबले में सेंट मैरी स्कूल ने सेंट लुक्स स्कूल को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि लड़कों के फाइनल में सेंट ल्यूक्स स्कूल ने सेंट मैरी स्कूल को बड़े अंतर से पराजित कर विजय हासिल की।
समापन समारोह में इंस्पेक्टर नवनीत सैनी मुख्य अतिथि तथा प्रशिक्षक रामलाल विष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में इंस्पेक्टर नवनीत सैनी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर खेल और शिक्षा के माध्यम से अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया। वहीं प्रशिक्षक रामलाल विष्ट ने खिलाड़ियों को आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधक फादर पी. सहाय राज तथा प्रधानाचार्या सिस्टर स्टैला ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शारीरिक शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ का धन्यवाद किया।

News Archives

Latest News