डीएनएन सोलन
भाजपा सोलन मंडल की मासिक बैठक बुधवार को मंडल अध्यक्ष रविंद्र परिहार की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय दीप कमलम में हुई। बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने भी विशेष रूप से शिरकत की। बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा पेश बजट की सराहना की गई। सभी वर्गो को राहत देने वाले बजट के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया गया और आम बजट को ऐतिहासिक करार दिया गया। मंडल की ओर से मंत्री डॉ. राजीव सैजल से आग्रह किया कि मुख्यमंत्री के 14 अप्रैल को प्रस्तावित कार्यक्रम का को अंतिम रूप दिया जाए। इस प्रस्तावित दौरे में ट्रासपोर्ट नगर का शिलान्यास, एपीएमसी में विस्तारीकरण का शिलान्यास, पुराने बस अड्डे पर बहुमंजिला पार्किग का शिलान्यास की योजना है। 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को मनाने को लेकर भी चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. सैजल कहा कि कार्यकर्ता केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाएं।

















