DNN पालमपुर
विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने आज रविवार को पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कंडवाड़ी के खेल मैदान मेें जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ‘जनमंचÓ प्रदेश सरकार का जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने का एक महत्वकांक्षी मंच है। इसका मुख्य उद्देश्य जन शिकायतों के निपटारे की ऐसी व्यवस्था करना है, जिससेे लोगों को सरकारी कार्यालयों को चक्कर न लगाने पड़े और उनकी शिकायतों का घरद्वार निपटारा सुनिश्चित हो। कार्यक्रम में क्षेत्र की 13 पंचायतों के लोगों की समस्याओं का मौके पर निपटारा किया गया। इनमें नैण, रजेहड़, ग्वालटिक्कर, ननाहर, स्पैडू, सुंगल, पढिय़ारखर, मुहाल बनूरी, बनूरी खास, चंदपुर, मुहाल होल्टा, बंडविहार और मौलीचक्क पंचायतों के लोग शामिल रहे। विधानसभा उपाध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि जनमंच में शामिल ग्राम पंचायतों में आयोजित की जाने वाली प्री-जनमंच गतिविधियां महत्वपूर्ण होती हैं और इस दौरान अधिक से अधिक शिकायतों और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस जनमंच कार्यक्रम के अंतर्गत आने वाली 13 पंचायतों के लोगों से आज 192 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए हैं, जिसमें कुछ लोगों की मांगे थी जिन्हें बजट प्रावधान के लिए सरकार को प्रेषित किया गया तथा बाकि का मौक पर ही निपटारा संबंधित विभागों द्वारा किया गया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता दर्शाएं और सकारात्मक तरीके से इनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में यह भी अवगत करवाया गया कि जनमंच से पूर्व की अवधि में लोगों से 247 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 21 समस्याएं व 226 लोगों की मांगे प्राप्त हुईं थीं। मांगों के समाधान के लिए प्रदेश सरकार को भेजा गया है तथा शेष समस्याओं का निवारण जनमंच दिवस से पूर्व किया जा चुका है।
इस मौके पर स्वास्थ्य तथा आयुर्वेदिक विभाग द्वारा मेडिकल कैम्प लगाए गए। जिसमें लोगों के स्वास्थ्य सम्बन्धी जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाईयां भी वितरित की गईं। कार्यक्रम में विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।















