DNN कुल्लू
23 नवम्बर। संयुक्त सचिव ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज सुरेंद्र माल्टू ने मंगलवार को जिला परिषद सभागार कुल्लू में पंचायती राज विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी अधूरे कार्याे को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 13वें एवं 14वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों एवं कार्यान्वित योजनाओं को 30 मार्च तक पूरा करने के निर्देश समस्त खंड विकास अधिकारियों को तथा सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता को दिए गए। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत चल रही योजनाओं के निर्माण व मुरम्मत कार्यों को भी शीघ्र आरंभ किया जाए तथा समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे नवगठित पंचायतों के भूमि संबंधी मामलों का निपटारा शीघ्र करें ताकि इन पंचायतों को भी पंचायत घर की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।माल्टू ने कहा कि ग्राम पंचायत एवं पंचायत समितियों में लेखा परीक्षा एवं निरीक्षण रिपोर्ट का निपटारा भी शीघ्र किया जाना चाहिए।
ग्राम पंचायतों की शिकायतों का निपटारा खंड विकास अधिकारी कार्यालय में बैठक कर यह चर्चा कर समस्याओं को सुलझाने का प्रयास करें ताकि अधिक से अधिक शिकायतों को समय पर निपटाया जा सके। उन्होंने कहा कि लोगों को विभाग से काफी उम्मीदें रहती हैं और अधिकारियों का कर्तव्य है लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करके उनपर खरा उतरना। इसके लिए सभी को समर्पित भावना के साथ कार्य करने चाहिए।बैठक में पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि, पंचायत सचिव व अभियंताओं सहित अनेक अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।















