DNN सोलन
सोलन जिला के नालागढ़ उपमण्डल में सात व्यक्तियों के कोराना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के उपरान्त स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा उनके सम्पर्क में आए विभिन्न व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। यह जानकारी आज यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने प्रदान की।
डाॅ. उप्पल ने कहा कि संक्रमित व्यक्तियों में से 4 बद्दी में तथा 3 नालागढ़ में पाए गए हैं। इनमें से बद्दी के 04 कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्तियों को व्यक्तिगत आग्रह पर दिल्ली स्थित अस्पताल में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि नालागढ़ के 3 कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्तियों को इन्दिरा गांधी आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय, शिमला भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आज इन संक्रमित व्यक्तियों के सम्पर्क में आए 11 लोगों के रक्त नमूने जांच के लिए केन्द्रीय अनुसंधान संस्थान, कसौली भेजे गए हैं। इनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नालागढ़ से 3, इएसआई अस्पताल काठा से 3 तथा गुप्ता अस्पताल बद्दी से 5 लोगों के सैम्पल लिए गए हैं।
डाॅ. उप्पल ने कहा कि नालागढ़ उपमण्डल में गत दिवस कुल 53 सैम्पल एकत्र किए गए थे। इनमें से बद्दी में कोरोना वायरस जांच के लिए 7 रक्त नमूने एकत्र किए गए थे। इनमें से 4 लोगों को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। नालागढ़ में एकत्र 46 रक्त नमूनों में से 3 व्यक्तियों को कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के दिशा-निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग नियमित रूप से कोरोना वायरस की जांच एवं पुष्टि की दिशा में अग्रसर है।















