10 हजार रुपये की रिश्वत लेते वन विभाग का रेंज ऑफिसर गिरफ्तार

Crime Sirmaur

Dnewsnetwork

नाहन, 3 नवंबर। हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब के भगानी रेंज में तैनात वन विभाग के रेंज ऑफिसर सुमंत को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। हिमाचल प्रदेश राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की टीम ने इंस्पेक्टर मनोज कुमार के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना SV&ACB नाहन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, विजिलेंस को यह शिकायत गांव बागनी निवासी इकराम पुत्र इकबाल ने दी थी। पेशे से मजदूर इकराम ने आरोप लगाया कि वन विभाग के रेंज ऑफिसर ने उसके जीजा जुल्फान के दो ट्रैक्टरों को यमुना नदी से रेत ले जाने के मामले में जब्त करने की धमकी दी थी। शिकायत के मुताबिक, ट्रैक्टरों को जब्त करने की कार्रवाई से बचाने के बदले अधिकारी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद इंस्पेक्टर मनोज कुमार की अगुवाई में टीम ने पांवटा साहिब में जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान रेंज ऑफिसर सुमंत को शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति : डीजीपी

हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक तेवारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस और राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर दृढ़ता से काम कर रहे हैं। कोई भी सरकारी अधिकारी कानून से ऊपर नहीं है। रिश्वत मांगने या स्वीकार करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें बिना किसी भय के सामने लाएं। विजिलेंस ब्यूरो प्रत्येक वास्तविक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। सरकारी पद का दुरुपयोग कर निजी लाभ प्राप्त करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

फिलहाल विजिलेंस मामले की आगामी जांच में जुटी है। आरोपी अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने और स्वीकार करने से जुड़े सभी तथ्यों एवं पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Latest News