DNN सोलन
महाराजा अग्रसेन जयंती के मौके पर अग्रवाल सभा सोलन द्वारा पूजा-अर्चना के उपरांत लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। पीडब्लयूडी रेस्ट हाऊस के समीप महाराजा अग्रसेन चौक पर भगवान श्री अग्रसेन महाराज की दिव्य प्रतिमा के समक्ष हिमाचल प्रदेश वैश्य सम्मेलन के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी विनोद गुप्ता, सांई सेवा संगठन सोलन के अध्यक्ष डाॅ संजय अग्रवाल व अग्रवाल सभा के प्रधान माया राम अग्रवाल के द्वारा माल्यार्पण किया गया। पूजा-अर्चना व माल्यार्पण के बाद अग्रवाल सभा सोलन व युवा अग्रवाल संगठन की ओर लोगों को प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर सभा के उपप्रधान दिनेश गर्ग, सतीश बंसल व पंकज गुप्ता, सचिव सुशील बंसल, राकेश अग्रवाल, राम अवतार, सतीश गोयल, राहुल गोयल, संजोत अग्रवाल, पवन गोयल, शिव अग्रवाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे। मीडिया से बात करते हुए अग्रवाल सभा सोलन के वरिष्ठ उपप्रधान दिनेश गर्ग ने कहा कि आज देशभर में समाजवाद के प्रर्वतक महाराजा अग्रसेन जी की जयंती देशभर में धूमधाम से मनाई जाई रही है।
उन्होंने बताया कि समाज में ऊंच नीच के भेदभाव को खत्म करने के लिए महाराजा अग्रसेन ने अपने राज्य में नागरिकों से बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को एक रूपया – एक ईंट भेंट करने की प्रथा आरम्भ की, जिसके फलस्वरूप समाज में एकरूपता आई और राज्य में सुख समृद्धि आई। उन्होंने कहा कि आज अग्र वंश के लोग धूमधाम से अपने भगवान श्री अग्रसेन की जयंती मना रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश वैश्य सम्मेलन के अध्यक्ष विनोद गुप्ता ने कहा कि महाराजा अग्रसेन वैश्य समुदाय शिरोमणि है। उन्होंने महाराजा अग्रसेन को लोकतंत्र का संस्थापक बताते हुए गरीबी उन्मूलन का सिद्धांतकारी बताया।
उन्होंने बताया कि महाराजा अग्रसेन के बताए मार्ग पर चलते हुए आज वैश्य समुदाय ना केवल देश बल्कि प्रदेश की उन्नति में अग्रणी भूमिका अदा कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि ना केवल वैश्य समाज के लिए बल्कि समाज के तमाम वर्गों के लिए यह समुदाय सेवा भाव से कार्य करता रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अग्रसेन की प्रतिमा के आगे माल्यार्पण के पश्चात महाराजा अग्रसेन के जयकारे के उद्दघोष के साथ वैश्य समुदाय के द्वारा उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रतिज्ञा भी ली गई।
सभा के उपप्रधान सतीश बंसल ने बताया कि अग्रसेन जयंती के अवसर पर इस बार अग्रवाल सभा सोलन द्वारा आगामी 10 अक्तूबर को सांय 4 बजे होटल पेरागाॅन में खाटू श्याम बाबा भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है जिसमें बाबा श्याम का मनमोहक दरबार लगेगा। इस भजन संध्या में मशहूर गायक रजनी राजस्थानी बाबा की महिमा का गुणगान करेगी और अपने भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। उन्होंने बताया कि भजन संध्या के उपरांत भंडारे का आयोजन किया जाएगा।















