DNN हमीरपुर
16 अक्तूबर। कोरोना संक्रमण का मामला सामने आने के बाद नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत कलूर के एक वार्ड में कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इनके अलावा पूर्व में कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए 4 ग्राम पंचायतों के 4 वार्डों के कुछ क्षेत्रों में अब कंटेनमेंट जोन की पाबंदियां समाप्त कर दी गई हैं। जिलाधीश हरिकेश मीणा ने इस संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए हैं और ये आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
पहले आदेश के अनुसार नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत कलूर के वार्ड नंबर 5 गांव मोवालघाट में प्रदीप कुमार के घर से दिनेश कुमार के घर तक कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
जिलाधीश की ओर से जारी दूसरे आदेश के अनुसार भोरंज उपमंडल की ग्राम पंचायत कक्कड़ के वार्ड नंबर 3 गांव तियुंगली, ग्राम पंचायत मुंडखकर गैंदा के वार्ड नंबर 4 गांव मुंडखकर गैंदा, नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत कोटला चिल्लियां के वार्ड नंबर 3 गांव मतियाल और हमीरपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत बारीं के वार्ड नंबर 4 गांव छत्रैल में कंटेनमेंट जोन की पाबंदियां समाप्त कर दी गई हैं। कोरोना संक्रमण का कोई भी नया मामला सामने नहीं आने पर इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन से बाहर करने का निर्णय लिया गया है।















