DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
21 दिसम्बर। जिला सोलन के 03 लाख 43 हजार 791 लोगों के स्वास्थ्य की रिपोेर्ट स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंच चुकी है। यह आंकड़ा जिला स्वास्थ्य विभाग के पास दो दिन पहले का है। साथ ही जिला में हिम सुरक्षा अभियान के तहत कवर किए गए लोगों में से कुछेक लोगों की कोविड-19, टीबी व कुष्ट रोग मामलों को लेकर सैम्पलिंग करवाई गई है, जिनकी फिल्ड से रिपोेर्ट आनी बाकी है। बताया जा रहा है कि विभाग के पास यह रिपोर्ट सोमवार तक जिला स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंच जाएगी।विभाग द्वारा बनाई गई टीमों ने यह डाटा प्रदेश सरकार द्वारा चलाए गए हिम सुरक्षा अभियान के तहत एकत्र किया है। हालांकि, जिलाभर के लगभग आठ लाख लोगों तक यह टीम पहुंचेगी और स्वास्थ्य संबंधी डाटा एकत्र करेगी। साथ ही संदेहास्पद मामलों की जांच भी समीपवर्ती अस्पतालों में करवाएगी।
बता दें कि प्रदेश में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए सरकार व स्वास्थ्य विभाग लगातार एहतिहाती कदम उठा रहा है। प्रदेश में कोविड का पता लगाने के लिए पहले भी सरकार द्वारा एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान चलाया जा चुका है। इस अभियान में सफलता के बाद अब प्रदेश में 25 नवंबर से हिम सुरक्षा अभियान चलाया है। इस अभियान से जहां कोविड मरीजों का पता लगेगा, वहीं अन्य बिमारियों की जानकारी भी स्वास्थ्य विभाग को पहुंचेगी। साथ ही किसी भी बिमारी से ग्रसित व्यक्तियों का इलाज भी शुरू हो सकेगा।
अहम बात यह है कि यह है कि इस अभियान के सुपरविजन के लिए भी चार टीमें बनाई गई है। इसमें एक टीम स्टेट लेवल, एक तीन जिला स्तर, एक टीम ब्लॉक लेवल व एक टीम पीएचसी व सीएचसी लेवल पर है। यह टीमें प्रदेश में चलने वाले अभियान का सुपरविजन करेगी। इस अभियान के माध्यम से जिला सोलन में आठ लाख से अधिक लोग कवर होंगे, जिनके स्वास्थ्य की जानकारी सीधे स्वास्थ्य विभाग को होगी।
जिला में 500 टीमें कर रही कार्य
हिम सुरक्षा अभियान के तहत जिला सोलन में 500 से अधिक टीमें तैनात की गए है। इन टीमों में आशा वर्कर्स, आंगनवाड़ी वर्कर्स, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट, हैल्थ वर्कर व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें बनाई गई है। यह टीमें इस अभियान के दौरान घरद्वार पर जाकर डेटा एकत्र कर रही है।
हर बीमारी की जानकारी
इस अभियान में बिमारियों का पता लगाने के लिए चार चरण बनाएं गए है। इसमें कोविड, टीवी, कुष्ठ रोग व चौथे चरण में कैंसर, शुगर, बीपी व लम्बी बीमारी को रखा गया है। इस बारे में टीमें जानकारी ले रही है। इसमे संदेहास्पद मामलों की जांच भी की जाएगी व स्थानीय अस्पताल में टैस्ट भी करवाएं जा रहे है।
क्या कहना है जिला स्वास्थ्य अधिकारी का
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. मुक्ता रस्तोगी का कहना है कि सोलन जिला में 03 लाख 43 हजार 791 लोगों को अभियान के तहत कवर कर लिया गया है। यह डाटा दो दिन पहले का है। अन्य रिपोर्ट विभाग के पास सोमवार तक पहुंच जाएगी।















