DNN मनाली (रेणुका गोस्वामी)
मनाली में बुधवार देर रात को रात्रि गश्त कर रहे दो होमगार्ड के जवानों पर चार लोगों ने हमला कर दिया। चारों ने अचानक गोलियां बरसाना शुरू कर दीं, जिसमें एक होमगार्ड जवान घायल हो गया। मामले में तीन आरोपियो को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गोली चलाने वाला फरार है। पुलिस को दिए बयान में होमगार्ड तिखु राम ने कहा वह सहयोगी नरेश कुमार के साथ गश्त पर था। मॉडल टाउन मनाली में ड्यूटी दे रहे थे।
रात करीब 1.30 बजे के करीब सड़क पर घूम रहे चार लोगों को पूछने पर कि वह इतनी रात को क्याक कर रहे हैं, तो इतने में वह होमगार्ड जवानों से उलझ पड़े। उन्होंने डंडे से मारपीट शुरू कर दी व एक शख्स ने नरेश पर गोली चला दी व मौके से फरार हो गया। पुलिस को इस घटना की जानकारी मिलते ही आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। घायल होमगार्ड के जवान को मिशन अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने चार में से तीन को पकड़ लिया है।
आरोपियो की पहचान संदीप निवासी मनाली, आकाश निवासी दिल्ली और कर्ण निवासी पठानकोट केे तौर पर हुुुुई है। गोली चलाने वाला मुख्य आरोपित देहरादून का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है। मनाली पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी के घर की तलाशी लेने पर वहां से चार जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।