DNN ऊना
गगरेट के तहत अंबोटा निवासी युवक को फोन पर 25 लाख रूपये की लॉटरी लगने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाए जाने का मामला सामने आया है। हालांकि समय रहते युवक को बड़ी ठगी का शिकार होने से बचा लिया गया है। लेकिन शातिर उससे दस हजार रूपये ठगने में कामयाब रहा है। जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश निवासी एक ठग ने संजीव कुमार को फोन किया और उसे 25 लाख रूपये की लॉटरी लगने की बात कही। शातिर ने संजीव को राशि क्लेम करने के लिए पहले दस हजार रूपये उसके बताए खाते में जमा करवाने को कहा। संजीव ने फौरन उसके बताए खाते में 10 हजार रूपये जमा करवा दिए। उसके तुरंत बाद ठग ने संजीव कुमार को फिर से फोन कर 35 हजार रुपये और जमा करवाने को कहा। शातिर ने प्रलोभन देकर कहा कि उनकी ईनामी राशि ज्यादा होने के कारण टैक्स की औपचारिकताएं पूरी करनी हैं। संजीव कुमार ने भी तुरंत 35 हजार रुपये फिर से शातिर के खाते में जमा करवा दिए। ठग ने झांसे में आ रहे युवक को फिर से 45 हजार जमा करवाने की बात कही। इस दफा संजीव कुमार का माथा ठनका।
उसने इस बाबत बैंक के पास दुकान करने वाले नगर पंचायत पार्षद नरेंद्र राणा से बात की। नरेंद्र राणा तुरंत संजीव कुमार को बैंक में ले गया तथा बैंक अधिकारियों को पूरी बात गबताई। तब तक दूर कहीं बैठा शातिर अपने खाते में से दस हजार रुपये निकलवा चुका था। पीडि़त द्वारा लिखित शिकायत देने पर बैंक ने बकाया राशि को होल्ड कर दिया है। उधर, गगरेट थाना प्रभारी चैन सिंह ने बताया कि उन्हें इस बाबत अभी तक लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि फोन पर मिल रहे प्रलोभनों में न फंसें, ठगों के शिकार होने से बचे।


















