DNN सोलन
14 जून। नालागढ़ में इस वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हेरिटेज पार्क में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां इस संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए तहसीलदार नालागढ़ निशा आजाद ने दी।
निशा आजाद ने इस अवसर पर कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन नालागढ़ में किया जाएगा। नालागढ़ में यह आयोजन हेरिटेज पार्क में होगा। उन्होंने कहा कि उपमण्डल स्तर पर आयोजित किया जाने वाला यह कार्यक्रम प्रातः 07ः00 से प्रातः 08ः00 बजे तक किया जाएगा।
निशा आजाद ने बैठक में उपस्थित आयुष विभाग व अन्य विभाग के अधिकारियों को योग दिवस के सफल आयोजन के संबंध में विचार-विमर्श कर उचित दिशा-निर्देश दिए।
उपमण्डलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सुखविन्द्र कौर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होनें कहा कि आयुष विभाग द्वारा 19 और 20 जून 2023 को प्रातः 06ः00 से प्रातः 07ः00 बजे तक नालागढ़ के हेरिटेज पार्क में स्कूली छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों व अन्य स्थानीय लोगों को प्री योग एक्टिविटी के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने आम जन मानस से आग्रह किया कि प्री योग एक्टिविटी और योग दिवस के उपलक्ष्य पर अधिक से अधिक संख्या में योग गतिविधियों में भाग लें।
इस अवसर पर आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डाॅ. संदीप कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नालागढ़ स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. गौरव सहारन तथा अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।















