हिमाचल में लगी आचार संहिता 12 नवंबर को होगा मतदान 8 दिसंबर को मतगणना

Himachal News National/International Others Shimla

DNN सोलन

हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव की घोषणा हो गई है । प्रदेश में 68 सीटों पर एक ही चरण में 12 नवंबर को मतदान होंगे और मतगणना 8 दिसंबर को होगी।मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना 17 अक्तूबर को जारी की जाएगी और इसी दिन से राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। राजीव कुमार ने सवालों के जवाब में बताया कि गुजरात विधानसभा के चुनाव हिमाचल प्रदेश के साथ नहीं कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार 25 अक्तूबर तक नामांकन दायर कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 27 अक्तूबर को की जाएगी और उम्मीदवार 29 अक्तूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी को पूरा हो रहा है और उससे पहले विधानसभा का गठन हो जायेगा। विधानसभा में 17 सीटें अनुसूचित जाति और तीन अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।
कुमार ने कहा कि आयोग मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए धन या मुफ्त सामान बांटने के प्रयासों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा और इसके लिए राज्य में शाम 5 बजे से अगले दिन सुबह 10 बजे तक नकदी के लाने और ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि साड़ी और मिक्सी तथा अन्य ऐसी ही वस्तुओं के लाने तथा ले जाने पर भी निगाह रखी जाएगी। चुनाव के दौरान राज्य की सीमा सील रहेंगी और आयोग प्रवर्तन एजेन्सियों के माध्यम से हवाई अड्डों और निजी हवाई पट्टियों पर भी निगाह रखेगा।

चुनाव आयुक्त ने कहा कि कुछ मतदान केंद्र ऐसे होंगे जो सिर्फ महिलाओं द्वारा संचालित होंगे, यहां 100 प्रतिशत महिला कर्मचारी तैनात होंगी। चीफ इलेक्शन कमिश्नर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लोग बड़ी संख्या में मतदान करें ताकि मतदाता रूपी ‘इंद्रधनुष’ हर बूथ पर दिखाई दे। हिमाचल प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव 9 नवंबर 2017 को कराए गए थे। हिमाचल में भाजपा की सरकार है।

News Archives

Latest News