DNN कुल्लू
23 अप्रैल0। जिला कूल्लू में ब्यास नदी किनारे से एक युवती का शव पुलिस ने बरामद किया है। यह शव ग्राम पंचायत जिया में बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम के समय कुल्लू के सरवरी में भूतनाथ पुल से युवती द्वारा ब्यास नदी में छलांग लगा दी गई थी। युवती को छलांग लगाता देख स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हुए और उन्होंने पुलिस को भी इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती की तलाश के लिए ब्यास नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मगर कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद शनिवार सुबह भी पुलिस की टीम भुंतर के आसपास इलाके में छानबीन कर रही थी तो उसी दौरान युवती का शव जिया में नदी किनारे बरामद किया गया।
जिला के एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि बीती शाम से ही पुलिस की टीम युवती की तलाश में जुटी हुई थी और अब उसका शव बरामद कर लिया गया है। युवती के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। उन्होंने बताया कि युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि युवती देखने में नेपाली मूल की प्रतीत हो रही है और इस बारे में स्थानीय पुलिस चौकियों को भी सूचित कर दिया गया है।
















