DNN सोलन
31 मार्च । स्वास्थ्य मंत्री डॉ धनीराम शांडिल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में यदि कोरोना के मामले लगातार बढ़ते रहे तो जल्द ही मास्क पहनना अनिवार्य किया जा सकता है। सोलन में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है। विभाग के पास पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सहित अन्य दवाएं मौजूद है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही हिमाचल प्रदेश में डॉक्टरों, 700 नर्सों व पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती स्वास्थ्य विभाग में की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रदेश में इसी प्रकार से कोरोना के मामले बढ़ते रहे तो आने वाले दिनों में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मास्क पहनना अनिवार्य किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि एकल नारी को 1500 रुपए अतिरिक्त मिलेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करना लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार सरकार से सवाल पूछ रहे थे, इसलिए उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई। आज से पहले देश के इतिहास में कभी ऐसा नहीं देखा गया। यह पहली बार है जब इस तरह लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है।