DNN पांवटा साहिब
29अप्रैल। उपमंडल के क्यारदा गांव में भैंस काटने पर माहौल गरमा गया है। इस मामले में पुलिस ने अभी तक आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर अभी जांच में जुटे हैं। घटना वीरवार रात की है। बताया जा रहा है कि किसी ने अफवाह फैला दी कि गाय की हत्या की गई है। लिहाजा, माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी हुई। जहां लोगों ने पशुचारे को आग के हवाले कर दिया। इस बीच जैसे ही पुलिस को सूचना मिली, पुलिस ने तुरंत ही पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर दिए। इस दौरान एएसपी बबीता राणा, एसडीएम विवेक महाजन, डीएसपी वीर बहादुर समेत प्रशासन के अलावा पशुपालन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की तस्दीक हो गई कि भैंस का वध किया गया है। पुलिस ने ये भी साफ किया कि कुछ लोग इसे गोहत्या से जोड़कर अफवाह फैला रहे हैं। साथ ही अफवाह पर ध्यान न देने की अपील करते हुए पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाने में सहयोग करें। एएसपी सिरमौर बबीता राणा ने बताया कि पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है। छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भैंस काटने की भी पुष्टि हुई है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह अपवाहों से बचें। पुलिस अपना काम कर रही है।















