DNN मंडी
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, मंडी में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आज एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया । शिविर की अध्यक्षता जिला राजस्व अधिकारी राजीव सांख्यान ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आपदा की दृष्टि से अत्यन्त संवेदनशील क्षेत्र है। प्रदेश में हर मौसम में प्राकृतिक आपदाएं आती रहती हैं । जिला आपदा प्राधिकरण इस बारे समय-समय पर लोगों को जागरूक करता रहता है । उपायुक्त मंडी के निर्देशानुसार जिला में प्रत्येक सप्ताह इस प्रकार के जागरूकता शिविर आयोजित किए जायेंगे ताकि अधिक से अधिक लोग आपदा के समय अपना व अपने आस-पास रहने वाले लोगों का बचाव कर सकें ।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आग्रह किया कि प्राधिकरण द्वारा जो प्रचार सामग्री यहां बांटी जा रही है, उसे ध्यान से पढ़े ताकि आपदा के समय आप इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से आग्रह किया अगर आपके क्षेत्र में किसी प्रकार की आपदा आए तो जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टोल फ्री नम्बर 1077 में काल करे ताकि समय रहते राहत व बचाव किया जा सके और कम से कम जान-माल का नुकसान हो । उन्होंने कहा कि आने वाले समय पर सभी प्रशिक्षुओं को आपदा से संबंधी व्यवहारिक जानकारी भी प्रदान की जायेगी ।
इस अवसर पर लता देवी, समूह अनुदेशक, अनुदेशक प्रवीण कुमार, अनुदेशक महेन्द्र पाल, अनुदेशक राम पाल भारद्वाज उपस्थित थे । शिविर में लगभग 200 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।














