DNN शिमला
15 फरवरी : हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला 18 फरवरी को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह अपराहन दो बजे राजभवन में होगा। हिमाचल उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना शुक्ला को शपथ दिलाएंगी। सरकार ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। नये राज्यपाल के शपथ ग्रहण करने से पहले मौजूदा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर कल शिमला पहुंचेंगे। वह परसों बिहार के लिए रवाना होंगे। वह 17 फरवरी को बिहार के राज्यपाल पद की शपथ लेंगे।
शुक्ला का राजनीतिक जीवन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से शुरू हुआ था। वर्ष 1968 में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े थे। गोरखपुर विश्वविद्यालय में उन्होंने अपना पहला छात्र संघ चुनाव अध्यक्ष पद के लिए लड़ा था। इसके बाद गोरखपुर विधानसभा से ही 1989 पहली बार विधायक बन कर विधानसभा पहुंचे थे। वर्ष 1991 में स्वतंत्र प्रभार से शिक्षा मंत्री बने थे। इसके साथ ही उन्हें उस समय समाज कल्याण, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा खेल मंत्रालय का भी दायित्व मिला था।
वर्ष 1996 में उत्तर प्रदेश सरकार में कारागार मंत्री भी बने। इसके साथ उन्हें न्याय और ग्राम विकास मंत्रालय विभाग का भार भी सौंपा गया। 26 जून 1975 को जब देश में आपातकाल लगा उस समय शुक्ला जेल भी गए थे लेकिन 18 महीने के बाद 1977 में जेल से छूट गए थे। वह 2002 में गोरखपुर विधानसभा चुनाव हार गए थे। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के लिए संगठन का काम करना शुरू किया। वह देशभर में बढ़ रहे जातिवाद के खिलाफ मुखर रहे हैं।