हिमाचल के इस गांव के लोगों ने मांगी सामूहिक इच्छा मृत्यु, जानिए क्यों

Baddi + Doon Others

DNN नालागढ़
प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत केंदूवाला स्थित सीईटीपी व कचरा प्लांट की बदबू से तंग ग्रामीणों ने वीरवार को नालागढ़ का रूख किया। सुबह करीबन 10 बजे भुड्ड बस स्टैंड पर धीरे धीरे ग्रामीणों की भीड़ जुटना शुरू हुई। कुछ देर में यहां पर 200 से अधिक ग्रामीण एकत्रित हो गए। इसके बाद वे नालागढ़ का ओर रवाना हुए। नालागढ़ में एसडीएम के उपलब्ध न होने के चलते तहसीलदार नालागढ़ केशव कोली को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया। राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत मलपुर के तहत केंदूवाल में उद्योगों से निकलने वाले गंदे पानी को ट्रीट करने के लिए ट्रीटमेंट प्लांट लगा रखा है और इसके साथ नगर परिषद बद्दी का कचरा प्लांट है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि सीईटीपी और कचरा प्लांट की बदबू के कारण निचला मलपुर, निचली भुड्ड, खास खोल मैरा, दासोमाजरा, खास खोल, बेरियां, ब्राह्मण बस्ती, घुमंतू गुर्जर बस्ती, केंदूवाल, लंडेवाला, कल्याणपुर व शीतलपुर के लोगों का जीना दूभर हो गया है। सीईटीपी व कचरा प्लांट ग्रामीणों की जान के दुश्मन बन गए हैं। इससे निकलने वाली तेज बदबू के बीच ग्रामीणों को सांस लेना तक मुश्किल हो जाता है और लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि उनके बच्चे भी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं, इस प्रदूषण से आने वाली पीढ़ी भी सुरक्षित नहीं है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि इस समस्या को प्रदूषण विभाग, प्रशासन व सरकार के समक्ष रखने के बाद भी कोई हल नहीं निकल रहा। विभागों व सरकारों से लोगों को सिर्फ कोरे आश्वासन मिल रहे हैं जिसके चलते उनका जीना मुहाल हो चुका है। ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से गुहार लगाई कि या तो उन्हें इस समस्या से पूर्ण रूप से निजात दिलाई जाए या फिर उन्हें इच्छा मृत्यु की आज्ञा प्रदान की जाए। ग्रामीणों ने कहा कि तिल-तिल मरने से अच्छा है कि हम अपने परिवारों समेत अपनी जान दे दें।

तहसीलदार नालागढ़ केशव कोली ने बताया कि ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय के माध्यम से जो ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपा है उसे जल्द भेजा जाएगा। इस मौके पर पूर्व बीडीसी सोम नाथ, प्रधान पोला राम चौधरी, उपप्रधान गुरदास, दयाल सिंह, मोहिंद्र सिंह, नछतर पंच, जस्वीर, गुरमीत, सुरजीत, छोटा राम, सुखदेव सिंह, जगत सिंह, कर्मचंद, बुधराम मैरा, रघुवीर सिंह, कर्मचंद, यादविंद्र सिंह, अवतार सिंह, धर्मपाल, हंसराज शर्मा, बाल कृष्ण, श्याम लाल, दीप चंदेल, काला सिंह, बलराम शर्मा, राम सिंह, ममता देवी, सोमा देवी, सुदेश कौर, गुरजीत कौर, आशा देवी, सोमा देवी, निर्मला देवी, सुनीता, सवित्री, राणो देवी, प्रीती, पुष्पा सहित भारी सं या में लोग उपस्थित रहे।

 

 

News Archives

Latest News