DNN हरिपुरधार
राज्य सरकार हरिपुरधार को राज्य के पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस स्थान को विकसित करने का मामला ‘स्वदेश दर्शन कार्यक्रम’ के अन्तर्गत भारत सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सिरमौर जिले के हरिपुरधार में तीन दिवसीय माता भंगयाणी मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही।
जय राम ठाकुर ने कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन की आपार सम्भावना है तथा राज्य सरकार पर्यटन की दृष्टि से इसके विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों तथा आम जनमानस को सुविधा प्रदान करने के लिए माता भंगयाणी मंदिर परिसर में सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है। इसलिए सरकार का विशेष ध्यान इन क्षेत्रों का विकास करने पर है। उन्होंने कहा कि मेले एवं त्यौहार हमारी संस्कृति तथा परम्पराओं का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि हरिपुरधार तथा समीप के गांव के लिए 1.76 करोड़ रुपये की उठाऊ जलापूर्ति योजना का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त डिग्री कॉलेज हरिपुरधार के लिए लगभग 63 लाख रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि नौहराधार से चाड़ना के लिए सोलन-मीनस सड़क के सुधार एवं स्तरोन्नयन पर 12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिले के रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत 43 करोड़ रुपये तथा नाबार्ड के अन्तर्गत बंदला-गुसेण सड़क पर सात करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगड़ाह में मिनी सचिवालय भवन के निर्माण पर सात करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रथम मंत्रिमण्डल बैठक में सामाजिक सुरक्षा पैंशन प्राप्त करने की आयु सीमा को बिना किसी आय सीमा के 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश सरकार की विद्धजनों के प्रति समर्पण भाव से सेवा करने की प्रतिबद्धता प्रदर्शित होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में लोगों के कल्याण व विकास के लिए 30 नई योजनाओं प्रस्तावित की है। इन सभी योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार थके-हारे कर्मचारियों द्वारा संचालित थी तथा युवाओं की पूरी तरह अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार नए उत्साह एवं जोश के साथ कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गत पांच वर्षों के दौरान अनदेखी के शिकार क्षेत्रों के विकास पर विशेष बल देगी।
मुख्यमंत्री ने हरिपुरधार में पुलिस चौकी खोलने, बोगधार में लोक निर्माण विभाग का उप-मण्डल, बेयांग में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी, चण्डीगढ़-अंधेरी बस सेवा को हरिपुरधार तक विस्तृत करने, डिग्री कॉलेज हरिपुरधार में विज्ञान तथा वाणिज्य की कक्षाएं आरम्भ करने, सिओ माध्यमिक पाठशाला को उच्च पाठशाला, प्राथमिक पाठशाला मथाल तथा पावंटा को माध्यमिक पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने, क्षेत्र की पांच पाठशालाओं में प्रत्येक पाठशाला में दो कमरों के निर्माण, हरिपुरधार में पटवार वृत, आईटीआई माईना के भवन के लिए 1.50 करोड़ रुपये, कुरा खड्ड पर पुल के निर्माण, नौहराधार तथा हरिपुरधार में सब्जी मण्डी खोलने, हरिपुरधार में स्टेडियम के लिए 10 लाख रुपये, हरिपुरधार में हैलीपैड के विस्तार के लिए 10 लाख रुपये तथा मेला कमेटी के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।


















