स्वच्छता सामूहिक उत्तरदायित्व-विभूति बहुगुणा

Himachal News Others
DNN कंडाघाट
‘वॉक द ट्रैक’ अभियान के तहत कंडाघाट उपमंडल से गुजरने वाले कालका-शिमला रेलमार्ग की सफाई, संरक्षण एवं सुरक्षा का कार्य कार्यान्वित किया गया। न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी कंडाघाट विभूति बहुगुणा ने कंडाघाट से अभियान का शुभारंभ किया।
विभूति बहुगुणा ने इस अवसर पर कहा कि शिमला-कालका रेलमार्ग की सफाई सामूहिक उत्तरदायित्व है और इस कार्य में क्षेत्रवासियों के साथ-साथ रेलयात्रियों एवं रेल विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और अन्य को भी इस दिशा में प्रेरित करें। इस अवसर पर रेलमार्ग की सफाई के साथ-साथ पौधरोपण भी किया गया। न्यायिक दंडाधिकारी विभूति बहुगुणा ने इस अवसर पर रेलमार्ग के समीप उचित स्थान पर शीशम का पौधा रोपा। स्वयंसेवियों एवं छात्रों द्वारा शीशम, जामुन, आवंला तथा आड़ू के पौधे रोपे गए।
उपमंडलाधिकारी कंडाघाट डॉ. संजीव धीमान, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. चंद्रेश्वर शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. एसएल वर्मा, स्टेशन मास्टर कंडाघाट दिनेश शर्मा, ग्राम पंचायत सिरीनगर के प्रधान अमित ठाकुर, उपप्रधान मुनीष सूद, छात्र, अध्यापक तथा स्वयंसेवी इस अवसर पर उपस्थित थे। टकसाल रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में भी रेलमार्ग की सफाई सुनिश्चित बनाई गई। इस अवसर पर सहायक आयुक्त परवाणू एसपी जसवाल, भारतीय सेना की डोगरा रेजीमेंट के जवान, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से डॉ. अभय गुप्ता सहित परवाणू स्थित औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधि, विभिन्न स्कूलों के छात्र, नगर परिषद परवाणू के कार्यकारी अधिकारी सुधीर शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं नागरिक उपस्थित थे।

News Archives

Latest News