स्कॉर्पियो की टक्कर से 7 वर्षीय बच्चे की मौत, आरोपी चालक की तलाश जारी

Crime Sirmaur

Dnewsnetwork
नाहन, 29 मई 2026: जिला सिरमौर के नाहन स्थित लखदाता पीर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 मई की रात पुलिस चौकी गुन्नुघाट को सूचना मिली कि सड़क हादसे में घायल एक बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां अयान सूर्या (7 वर्ष) पुत्र राकेश सूर्या निवासी गांव चुनवी, डाकघर चाढ़ना, तहसील नौहराधार, जिला सिरमौर उपचाराधीन मिला।
बच्चे के साथ मौजूद उसकी माता नीरज ने पुलिस को बताया कि लखदाता पीर के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने अयान को टक्कर मार दी। हादसे के समय वह काफी घबराई हुई थीं, जिसके चलते विस्तृत बयान नहीं दे सकीं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा वाहन चालक की तेज रफ्तारी और लापरवाही के कारण हुआ। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है।
घायल अयान को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मामले में थाना नाहन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर रही है तथा आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

News Archives

Latest News