DNN मनाली (रेणुका गोस्वामी)
पर्यटन नगरी मनाली के पर्यटन स्थलों में बर्फ के फाहों के बीच सैलानी झूम उठे। वीरवार को सोलांग, पलचान व कोठी मर गिरे बर्फ के फाहों को देखकर पर्यटक झूम उठे। पर्यटन स्थलों में पर्यटको ने जमकर मस्ती की। कड़ाके की ठंड के बीच सैलानियों ने सेल्फी ली और जमीन पर बर्फ जमने पर एक-दूसरे के ऊपर बर्फ भी फेंकी। वीरवार सुबह ही पर्यटकों ने प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोलंगनाला का रुख किया और यहां पड़ी करीब पौना फीट बर्फ में खूब अठखेलियां कीं। अधिकतर पर्यटक
ताजा बर्फ के फाहों का आनंद लेते हुए सोशल मीडिया में अपने परिजनों और दोस्तों को शेयर करते दिखे।
फोटोग्राफर टेक राम व दिलू ने बताया कि सैलानियों ने बर्फ से लदी वादियों को कैमरे में कैद किया और खूब मस्ती की। हिमांचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के प्रधान गुप्त राम ने बताया कि मनाली में हुई बर्फबारी मनाली के पर्यटन सीजन के लिए संजीवनी साबित हुई। इससे मनाली के पर्यटन कारोबार को और गति मिलेगी। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर ने कहा कि नवंबर महीने में मनाली में बर्फबारी होना पर्यटन कारोबार के लिए अच्छा संकेत है। कारोबारियों को इसका लाभ क्रिसमस के साथ नववर्ष में मिलेगा।
रोहतांग दर्रे में भारी बर्फबारी होती देख प्रशासन ने सैलनियो को कोठी से आगे नही भेजा। इसके चलते सोलंगनाला में पर्यटको का हुजूम उमड़ पड़ा। इस बीच वाहनों की संख्या बढ़ते ही पलचान से सोलंगनाला तक ट्रैफिक जाम लग गया। जाम लगने से पर्यटको को भारी दिक्कत का भी सामना करना पड़ा है। डीएसपी शेर सिंह ने बताया कि वीरवार को सोलंगनाला में प्रयटक वाहनो की आमद बढ़ने से ट्रेफ़िक जैम लग गया लेकिन पुलिस के जवानों ने बर्फबारी के बीच बेहतर तालमेल से ट्रैफ़िक को सुचारू करवाया।
