सोलन ITI में लगेगा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेला

Others Solan

-टर्नर, मशीनिस्ट, फिटर, डीजल मैकेनिक, वेल्डर और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के प्रशिक्षुओं को मिलेगा अप्रेंटिसशिप का अवसर

Dnewsnetwork

सोलन, 8 अगस्त। भारत सरकार की प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (PM-NAPS) के तहत युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण और उद्योगों से जोड़ने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) सोलन में 10 अगस्त, 2026 को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेला आयोजित किया जा रहा है। मेले में देश और प्रदेश की करीब 22 प्रतिष्ठित कंपनियां एवं औद्योगिक संस्थान भाग लेकर प्रशिक्षुओं के चयन की प्रक्रिया में शामिल होंगे।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन की प्रधानाचार्य इंजीनियर नवीन कुमारी ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 तक देशभर में 46 लाख युवाओं को शिक्षुता प्रशिक्षण से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के माध्यम से विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्रों में युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। इसके साथ ही एआई, रोबोटिक्स, ब्लॉकचेन, हरित ऊर्जा और इंडस्ट्री 4.0 जैसी उभरती तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में भी प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सोलन ITI में आयोजित होने वाले शिक्षुता मेले में ओमेगा सेकी मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड, पुणे; एक्टिव क्लोदिंग कंपनी लिमिटेड, पंजाब; एम्बर इंडिया लिमिटेड, हरियाणा; कॉस्मो फेराइट्स लिमिटेड, जाबली; क्रॉम्पटन ग्रीव्स, बद्दी; इलेक्ट्रो वेव इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, परवाणू; एम्ब्रोस ऑटोकॉम लिमिटेड, बद्दी; फुजियामा पावर सिस्टम्स लिमिटेड, परवाणू; गोयल मोटर्स, सोलन; इंडो फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड, बद्दी; मेडस्वान फाउंडेशन, धर्मपुर; पीए पिनियन्स, धर्मपुर; पेंगुइन इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, नालागढ़; MERAQUI (TAFE की ओर से), परवाणू; टाइमैक्स ग्रुप इंडिया लिमिटेड, बद्दी; टोरेंट फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड, बद्दी; अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, बग्गा सीमेंट वर्क्स; वेदांत इंफ्रास्ट्रक्चर एंड टेलीकॉम सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली; डेंसो हरियाणा प्राइवेट लिमिटेड, गुड़गांव; GMP टेक्निकल सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, पंजाब; हीरो साइकिल्स लिमिटेड, लुधियाना तथा मोहन मीकिन ब्रेवरी, चंबाघाट, सोलन सहित अन्य प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों को आमंत्रित किया गया है।
इन ट्रेडों के प्रशिक्षुओं को मिलेगा मौका
मेले में हिमाचल प्रदेश के उत्तीर्ण तथा प्रशिक्षण पूरा कर चुके प्रशिक्षु भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को टर्नर, मशीनिस्ट, फिटर, डीजल मैकेनिक, वेल्डर तथा इलेक्ट्रीशियन ट्रेडों में अप्रेंटिस के रूप में चयन का अवसर मिलेगा।
मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
ITI सोलन प्रबंधन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर अपने सभी शैक्षिक, तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां तथा उनकी छायाप्रतियां साथ लाने का आग्रह किया है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेले का उद्देश्य युवाओं को सीधे उद्योगों से जोड़ना और उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ भविष्य के रोजगार के लिए तैयार करना है। इससे प्रदेश के तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में अप्रेंटिसशिप हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

Latest News