सोलन शहर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित की जानी चाहिए: तरसेम भारती

Others Politics Solan

DNN सोलन: अखिल भारतीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष तरसेम भारती ने सोलन से जारी एक प्रेस नोट में कहा कि सोलन शहर में भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं महान समाज सुधारक डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा लगनी चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि इस उद्देश्य के लिए उपयुक्त भूमि शीघ्र उपलब्ध करवाई जाए।

भारती ने कहा कि यदि सरकार भूमि उपलब्ध करवा देती है तो महासंघ की ओर से डॉ. अंबेडकर जी की मूर्ति स्थापित करने की सम्पूर्ण व्यवस्था की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि सोलन जैसे शैक्षणिक केंद्र में डॉ. अंबेडकर के नाम पर एक आधुनिक पुस्तकालय की स्थापना की जानी चाहिए। यह पुस्तकालय छात्रों, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों को उनके विचारों, सिद्धांतों और जीवन दर्शन को समझने और अपनाने का अवसर देगा।

“डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता नहीं थे, बल्कि एक प्रखर शिक्षाविद्, न्यायविद् और समाज सुधारक भी थे। उनके विचार आज भी समाज के हर वर्ग को मार्गदर्शन प्रदान करते हैं,” भारती ने कहा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह पहल न केवल डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि होगी, बल्कि भावी पीढ़ियों को भी सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों के प्रति सजग बनाएगी।

News Archives

Latest News