सोलन में शगुन ठाकुर को किया गया सम्मानित

Education Others Solan

Dnewsnetwork

सोलन, 5 सितंबर : पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोलन में शिक्षा संवाद एवं अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रथम टर्म परीक्षा की शैक्षणिक प्रगति एवं प्रदर्शन पर अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित करना तथा विद्यालय में चल रही विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय की पूर्व छात्रा शगुन ठाकुर को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। शगुन ठाकुर ने पहले ही प्रयास में MBBS में चयन प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनका चयन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर में MBBS पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। शगुन की यह उपलब्धि विद्यालय की छात्राओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है तथा यह दर्शाती है कि राजकीय कन्या विद्यालय की छात्राएं भी कठिन परिश्रम और लगन के बल पर चिकित्सा एवं अन्य उच्च व्यावसायिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।
वहीं शिक्षा संवाद के दौरान अभिभावकों को विद्यार्थियों के प्रथम टर्म परीक्षा परिणाम एवं शैक्षणिक प्रदर्शन के बारे में विस्तार से अवगत करवाया गया। इसके साथ ही विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए चल रही विभिन्न शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। अभिभावकों ने विद्यालय की गतिविधियों एवं विद्यार्थियों की प्रगति के संबंध में अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अल्पा मलिक ने शगुन ठाकुर को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों से विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहन और उचित मार्गदर्शन प्रदान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या अल्पा मलिक, समस्त शिक्षकगण तथा अभिभावक उपस्थित रहे। शिक्षा संवाद एवं पीटीएम का आयोजन विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

Latest News